सीएमओ ने स्वास्थ्य केंद्रों का किया औचक निरीक्षण, साफ-सफाई और स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के दिए निर्देश


स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहाँपुर। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विवेक कुमार मिश्रा ने सीएचसी निगोही, पीएचसी परसोना एवं आयुष्मान आरोग्य मंदिर बड़ैंचा का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

सीएचसी निगोही के निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी को बताया गया कि निरीक्षण के समय तक 605 मरीजों का परीक्षण किया जा चुका था। इसके अलावा 40 एआरवी तथा 10 टीबी मरीजों की जांच भी की जा चुकी थी। अस्पताल में साफ-सफाई की स्थिति पर सीएमओ ने असंतोष व्यक्त करते हुए चिकित्सा अधीक्षक डॉ. नितिन चौधरी को साफ-सफाई व्यवस्था बेहतर करने के निर्देश दिए। साथ ही चिकित्सकों की टेबल को व्यवस्थित रखने के लिए भी निर्देशित किया।

इसके बाद सीएमओ ने पीएचसी परसोना का निरीक्षण किया। उन्होंने परिसर में खड़ी घास की सफाई कराने तथा अस्पताल परिसर में बेहतर साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सभी स्टाफ उपस्थित मिला।

सीएमओ ने आयुष्मान आरोग्य मंदिर बड़ैंचा का भी निरीक्षण किया। यहां सीएचओ अनज पाल उपस्थित मिले। उनके द्वारा 60 ई-संजीवनी सेवाएं प्रदान किए जाने की जानकारी दी गई। सीएमओ ने एनसीडी स्क्रीनिंग की स्थिति को असंतोषजनक बताते हुए इसमें वृद्धि करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एएनएम निवेदिता द्वारा टीकाकरण कार्य किया जा रहा था। सीएमओ ने एचपीवी वैक्सीन का निर्धारित लक्ष्य पूरा करने के निर्देश भी दिए।

निरीक्षण के दौरान स्टेनो वी.के. गौतम भी मौजूद रहे।

Previous Post Next Post