स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहाँपुर। पुलिस अधीक्षक शाहजहाँपुर के निर्देशन में 19 अगस्त 2026 को मिशन शक्ति अभियान के तहत जनपद के सभी थानों की मिशन शक्ति टीमों द्वारा विभिन्न स्थानों पर जागरूकता एवं जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कार्यक्रमों के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को महिला सुरक्षा, साइबर अपराध, घरेलू हिंसा, बाल अपराध और लैंगिक उत्पीड़न से बचाव के संबंध में जानकारी दी गई। पुलिस टीमों ने किसी भी समस्या अथवा आपात स्थिति में तत्काल सहायता प्राप्त करने के लिए 1090, यूपी-112, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन-1076, साइबर हेल्पलाइन-1930 और चाइल्ड हेल्पलाइन-1098 सहित महत्वपूर्ण हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी दी।
मिशन शक्ति टीमों ने महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके कानूनी अधिकारों एवं सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक करते हुए किसी भी घटना की स्थिति में बिना भय या संकोच के पुलिस को सूचना देने के लिए प्रेरित किया।
इसके साथ ही छात्राओं एवं महिलाओं को सोशल मीडिया का सुरक्षित एवं जिम्मेदाराना इस्तेमाल करने, व्यक्तिगत जानकारी एवं ओटीपी किसी से साझा न करने तथा साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी गई। पुलिस टीमों ने महिलाओं एवं बालिकाओं से संवाद कर उनकी समस्याओं और सुझावों को भी सुना।
शाहजहाँपुर पुलिस ने महिला एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान, गरिमा एवं अधिकारों के संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से उन्हें सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने और सशक्त बनाने के लिए लगातार प्रभावी प्रयास किए जा रहे हैं।
