शाहजहांपुर पुलिस ने मौके पर 34 जनशिकायतों का किया निस्तारण

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️

आईजीआरएस शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के लिए विशेष अभियान जारी

शाहजहांपुर। जनशिकायतों के निस्तारण में तेजी, पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक शाहजहांपुर श्री सौरभ दीक्षित के निर्देशन में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत 28 अगस्त 2026 को शाहजहांपुर पुलिस द्वारा शिकायतकर्ताओं के मौके पर जाकर कुल 34 शिकायतों का निस्तारण किया गया।

अभियान की निगरानी अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं अपर पुलिस अधीक्षक नगर के पर्यवेक्षण में की जा रही है। आईजीआरएस के माध्यम से प्राप्त शिकायतों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण को नोडल अधिकारी नामित किया गया है।

विशेष अभियान के तहत जनपद के सभी क्षेत्राधिकारी एवं थाना प्रभारी शिकायतकर्ताओं के मौके पर पहुंचकर शिकायतों का निस्तारण कर रहे हैं। निर्धारित व्यवस्था के अनुसार प्रत्येक क्षेत्राधिकारी अपने सर्किल में कम से कम एक स्थान तथा थाना प्रभारी अपने क्षेत्र में कम से कम दो स्थानों पर प्रतिदिन मौके पर शिकायतों का निस्तारण करेंगे।

पुलिस के अनुसार, मौके पर स्थलीय निरीक्षण के साथ दोनों पक्षों का फीडबैक लिया जा रहा है और शिकायत के समाधान के संबंध में शिकायतकर्ता को संतुष्ट करने का प्रयास किया जा रहा है।

इस पहल का उद्देश्य शिकायतकर्ताओं को बार-बार थाने अथवा पुलिस कार्यालय के चक्कर लगाने से राहत देना और उनकी शिकायतों का मौके पर बेहतर एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है।

Previous Post Next Post