जनशिकायतों के निस्तारण में शाहजहाँपुर पुलिस की पहल, मौके पर पहुंचकर 35 शिकायतों का समाधान

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहाँपुर। जनशिकायतों के समयबद्ध, पारदर्शी एवं निष्पक्ष निस्तारण को लेकर पुलिस अधीक्षक शाहजहाँपुर श्री सौरभ दीक्षित के निर्देशन में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत पुलिस अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों द्वारा शिकायतकर्ताओं के मौके पर पहुंचकर शिकायतों का निस्तारण किया जा रहा है।

21 अगस्त 2026 को चलाए गए विशेष अभियान के अंतर्गत जनपद के विभिन्न थानों से प्राप्त शिकायतों में से कुल 35 शिकायतों का मौके पर जाकर निस्तारण किया गया।

अभियान की निगरानी के लिए अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण को नोडल अधिकारी नामित किया गया है। अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं अपर पुलिस अधीक्षक नगर के पर्यवेक्षण में क्षेत्राधिकारी और थाना प्रभारी शिकायतों के निस्तारण के लिए संबंधित स्थानों पर पहुंच रहे हैं।

शिकायतकर्ता को नहीं लगानी पड़ेगी बार-बार दौड़

अभियान के तहत प्रत्येक क्षेत्राधिकारी को अपने सर्किल के थाना क्षेत्र में प्रतिदिन कम से कम एक स्थान तथा प्रत्येक थाना प्रभारी को अपने क्षेत्र में कम से कम दो स्थानों पर मौके पर जाकर शिकायतों का निस्तारण करने के निर्देश दिए गए हैं।

पुलिस द्वारा शिकायतकर्ता के घर अथवा संबंधित मौके पर जाकर स्थलीय निरीक्षण किया जा रहा है। साथ ही दोनों पक्षों का फीडबैक लेकर शिकायत के समाधान के संबंध में उनकी संतुष्टि सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है।

इस पहल का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि शिकायतकर्ताओं को अपनी समस्या के समाधान के लिए बार-बार थाने अथवा पुलिस कार्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें। मौके पर जाकर शिकायतों के निस्तारण से समयबद्ध एवं बेहतर समाधान सुनिश्चित करने पर जोर दिया जा रहा है।

शाहजहाँपुर पुलिस के अनुसार विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा, ताकि जनशिकायतों का प्रभावी, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जा सके।

Previous Post Next Post