स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️
पुवायां में विधायक और एसडीएम ने आपदा राहत निधि से पीड़ित परिवारों को दी आर्थिक सहायता
पुवायां (शाहजहाँपुर)। तहसील पुवायां क्षेत्र में अतिवृष्टि के कारण हुए हादसों में जान गंवाने वाले लोगों के आश्रितों को शासन की ओर से त्वरित आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई गई। क्षेत्रीय विधायक एवं उपजिलाधिकारी पुवायां ने संयुक्त रूप से दैवीय आपदा राहत निधि के तहत पीड़ित परिवारों को 4-4 लाख रुपये के सहायता चेक वितरित किए।
तहसील क्षेत्र के ग्राम मुड़िया कुर्मियात में भारी बारिश के चलते मकान का लेंटर गिरने से दो लोगों की असामयिक मृत्यु हो गई थी। हादसे पर संवेदना व्यक्त करते हुए विधायक एवं एसडीएम ने मृतकों के आश्रितों को 4-4 लाख रुपये, कुल 8 लाख रुपये की आर्थिक सहायता के चेक सौंपे।
इसी क्रम में ग्राम जठियापुर बुजुर्ग में अतिवृष्टि के कारण जान गंवाने वाले गंगाराम पुत्र जयराखन के विधिक वारिसों को भी शासन के निर्देशानुसार 4 लाख रुपये की सहायता राशि का चेक प्रदान किया गया।
सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है
इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक ने कहा कि संकट की इस घड़ी में सरकार और प्रशासन पूरी संवेदनशीलता के साथ पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों को भविष्य में भी हर संभव प्रशासनिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
वहीं, उपजिलाधिकारी पुवायां ने कहा कि दैवीय आपदा से प्रभावित परिवारों को नियमानुसार बिना किसी विलंब के त्वरित सहायता पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है।
चेक वितरण के दौरान स्थानीय राजस्व कर्मी, ग्राम प्रधान एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
