ELC 2.0 एवं ECINET पर क्षेत्रीय कार्यशाला में शाहजहाँपुर के 24 शैक्षिक संस्थानों के प्रतिनिधि होंगे शामिल

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️

युवाओं को निर्वाचन प्रक्रिया से जोड़ने और निर्वाचन साक्षरता बढ़ाने पर रहेगा जोर

शाहजहाँपुर, 23 अगस्त। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्वाचन साक्षरता को बढ़ावा देने तथा युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से अधिक प्रभावी ढंग से जोड़ने के उद्देश्य से 24 अगस्त 2026 को लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के जुपिटर हॉल में ELC 2.0 एवं ECINET विषय पर एक दिवसीय क्षेत्रीय कार्यशाला आयोजित की जाएगी।

कार्यशाला की अध्यक्षता भारत के मुख्य निर्वाचन आयुक्त श्री ज्ञानेश कुमार करेंगे। अपर जिलाधिकारी प्रशासन/उप जिला निर्वाचन अधिकारी रजनीश कुमार मिश्र ने बताया कि जनपद शाहजहाँपुर की छह विधानसभा क्षेत्रों से चयनित कुल 24 शैक्षिक संस्थानों के प्रतिनिधि इस महत्वपूर्ण कार्यशाला में प्रतिभाग करेंगे।

इसके अलावा उप जिला निर्वाचन अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक तथा मीडिया/सोशल मीडिया नोडल अधिकारी भी कार्यशाला में शामिल होकर निर्वाचन आयोग की नई पहलों एवं कार्यक्रमों की जानकारी प्राप्त करेंगे।

निर्वाचन आयोग के वरिष्ठ अधिकारी होंगे शामिल

कार्यशाला में मुख्य निर्वाचन आयुक्त श्री ज्ञानेश कुमार के साथ वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त श्री मनीष गर्ग, महानिदेशक (मीडिया) श्री आशीष गोयल, महानिदेशक (आईटी) डॉ. सीमा खन्ना सहित निर्वाचन आयोग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहेंगे। उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्री नवदीप रिणवा भी कार्यक्रम में सहभागिता करेंगे।

युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ना उद्देश्य

उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य निर्वाचन प्रक्रिया को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाना, युवाओं एवं भावी मतदाताओं को निर्वाचन प्रक्रिया से जोड़ना तथा उनमें निर्वाचन साक्षरता को बढ़ावा देना है।

इसके माध्यम से विद्यार्थियों एवं युवा मतदाताओं को लोकतांत्रिक मूल्यों, मतदान के महत्व और निर्वाचन प्रक्रिया के विभिन्न पहलुओं के प्रति जागरूक किया जाएगा।

ELC से ELC 2.0 तक का सफर

भारत निर्वाचन आयोग ने वर्ष 2018 में SVEEP (सिस्टेमेटिक वोटर्स एजुकेशन एंड इलेक्टोरल पार्टिसिपेशन) के अंतर्गत निर्वाचन साक्षरता क्लब (ELCs) की शुरुआत की थी। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों और युवा नागरिकों को लोकतंत्र, निर्वाचन प्रक्रिया तथा निर्वाचन आयोग की भूमिका एवं कार्यप्रणाली से परिचित कराना था।

सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी के तेजी से बदलते स्वरूप तथा युवाओं के बढ़ते डिजिटल जुड़ाव को देखते हुए निर्वाचन साक्षरता क्लब कार्यक्रम को अब ELC 2.0 के रूप में विकसित किया जा रहा है।

इसका उद्देश्य विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों में निर्वाचन साक्षरता क्लबों को वर्षभर सक्रिय, सहभागितापूर्ण, अनुभवात्मक एवं डिजिटल रूप से सक्षम मंच के रूप में विकसित करना है, ताकि युवा लोकतांत्रिक प्रक्रिया को बेहतर ढंग से समझ सकें और जिम्मेदार मतदाता के रूप में अपनी भूमिका निभा सकें।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने विश्वास व्यक्त किया कि कार्यशाला से प्राप्त अनुभव एवं जानकारी को जनपद स्तर पर लागू करने से निर्वाचन साक्षरता को जन-जन तक पहुंचाने और युवाओं की लोकतांत्रिक भागीदारी को और मजबूत करने में मदद मिलेगी।

Previous Post Next Post