स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहाँपुर, 03 अगस्त 2026। पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के निर्देशन में जनशिकायतों के त्वरित, पारदर्शी एवं निष्पक्ष निस्तारण के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शाहजहाँपुर पुलिस ने सोमवार को आईजीआरएस के माध्यम से प्राप्त 41 शिकायतों का मौके पर पहुंचकर निस्तारण किया।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) एवं अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) के पर्यवेक्षण में संचालित इस अभियान का उद्देश्य शिकायतकर्ताओं को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण न्याय दिलाना है। अभियान के नोडल अधिकारी अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) को बनाया गया है।
अभियान के तहत जनपद के सभी क्षेत्राधिकारी एवं थाना प्रभारी प्रतिदिन शिकायतकर्ताओं के घर या घटनास्थल पर पहुंचकर शिकायतों का स्थलीय निरीक्षण कर रहे हैं। प्रत्येक क्षेत्राधिकारी को अपने सर्किल में कम से कम एक स्थान तथा प्रत्येक थाना प्रभारी को अपने क्षेत्र में कम से कम दो स्थानों पर प्रतिदिन मौके पर जाकर शिकायतों का निस्तारण करने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस विभाग के अनुसार 03 अगस्त 2026 को चलाए गए अभियान के दौरान जनपद के विभिन्न थानों से संबंधित कुल 41 शिकायतों का मौके पर समाधान किया गया। शिकायतों के निस्तारण के दौरान दोनों पक्षों से फीडबैक लेकर उन्हें संतुष्ट करने का भी प्रयास किया गया।
शाहजहाँपुर पुलिस का कहना है कि इस पहल से शिकायतकर्ताओं को बार-बार थाने अथवा पुलिस अधिकारियों के कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और उनकी समस्याओं का अधिक प्रभावी एवं त्वरित समाधान सुनिश्चित होगा।
