नगर निगम की कार्यशैली पर व्यापार मंडल ने जताई नाराजगी, नगर आयुक्त को सौंपा ज्ञापन

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहाँपुर, 03 अगस्त। नगर की जर्जर सड़कों, अधूरे विकास कार्यों और नगर निगम की कार्यशैली को लेकर व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने जिलाध्यक्ष कुलदीप सिंह दुआ के नेतृत्व में नगर आयुक्त सुमैया गुरु रानी से मुलाकात कर विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया और शीघ्र समाधान की मांग की।

जिलाध्यक्ष कुलदीप सिंह दुआ ने कहा कि त्योहारों का सीजन निकट है, लेकिन शहर की अधिकांश सड़कें गड्ढों में तब्दील हो चुकी हैं। उन्होंने बहादुरगंज पावर हाउस से मशीन मार्केट, गल्ला मंडी, चूड़ी वाली गली सहित कई प्रमुख मार्गों की बदहाल स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए तत्काल मरम्मत कराने की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर निगम के विकास कार्य बेहद धीमी गति से हो रहे हैं, जिससे व्यापारियों और आम नागरिकों को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने मांग की कि सभी विकास कार्यों के लिए समय-सीमा तय की जाए तथा अनावश्यक विलंब होने पर संबंधित ठेकेदारों और अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए।

नगर अध्यक्ष सुनील गुप्ता ने अजीजगंज स्थित दुर्गा होटल और लक्ष्मी ट्रांसपोर्ट के पास खुले पड़े नालों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि कई बार शिकायत के बावजूद अब तक समस्या का समाधान नहीं किया गया है।

युवा जिला अध्यक्ष रोहित अग्रवाल ने एसपी कॉलेज के पास लगे हैंडपंप के लंबे समय से खराब होने तथा सड़क किनारे झुके हुए बिजली के पोल से दुर्घटना की आशंका जताते हुए तत्काल मरम्मत की मांग की।

नगर आयुक्त सुमैया गुरु रानी ने सभी समस्याओं का शीघ्र समाधान कराने तथा स्वयं स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया।

इस अवसर पर जिला महामंत्री नाजिम खान, नगर महामंत्री अतुल गुप्ता, शाहबाज खान, मोहम्मद रफी, शकील अहमद, जितेंद्र वर्मा, राजीव गुप्ता, राजेंद्र सिंह गोल्डी, रमेश गंभीर, चंद्र प्रकाश गुलाटी, सतनाम चावला, कमाल फहीम, अफसर अली, सोनू सिंह, तस्लीम अली, राकेश वर्मा, मोनू अवस्थी सहित व्यापार मंडल के अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Previous Post Next Post