स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️
शिकायतकर्ताओं को बार-बार थाने या पुलिस कार्यालय के चक्कर लगाने से मिलेगी राहत
शाहजहाँपुर, 17 अगस्त 2026। जनशिकायतों के समयबद्ध, पारदर्शी एवं निष्पक्ष निस्तारण के लिए पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शाहजहाँपुर पुलिस द्वारा शिकायतकर्ताओं के मौके पर पहुंचकर कुल 43 शिकायतों का निस्तारण किया गया।
पुलिस के अनुसार, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं अपर पुलिस अधीक्षक नगर के पर्यवेक्षण में आईजीआरएस के माध्यम से प्राप्त जनशिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के लिए विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के लिए अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण को नोडल अधिकारी नामित किया गया है।
मौके पर पहुंचकर होगा शिकायतों का निस्तारण
विशेष अभियान के तहत जनपद के सभी क्षेत्राधिकारी एवं थाना प्रभारी शिकायतकर्ताओं के मौके पर पहुंचकर शिकायतों का निस्तारण कर रहे हैं। निर्धारित व्यवस्था के अनुसार प्रत्येक क्षेत्राधिकारी अपने सर्किल में कम से कम एक स्थान तथा प्रत्येक थाना प्रभारी अपने क्षेत्र में कम से कम दो स्थानों पर प्रतिदिन मौके पर शिकायतों का निस्तारण करेंगे।
17 अगस्त 2026 को अभियान के दौरान जनपद के विभिन्न थानों पर प्राप्त शिकायतों में से कुल 43 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया।
पुलिस के मुताबिक इस व्यवस्था का उद्देश्य शिकायतकर्ता को अपनी समस्या के समाधान के लिए बार-बार थाने अथवा उच्चाधिकारियों के पुलिस कार्यालय जाने की आवश्यकता से राहत देना है।
शाहजहाँपुर पुलिस शिकायतकर्ता के घर एवं संबंधित स्थल पर पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण करेगी तथा दोनों पक्षों का फीडबैक लेकर शिकायत के समाधान के संबंध में उनकी संतुष्टि सुनिश्चित करने का प्रयास करेगी।
पुलिस विभाग के अनुसार इस अभियान से जनशिकायतों के निस्तारण में तेजी, पारदर्शिता एवं निष्पक्षता बढ़ाने के साथ-साथ आमजन और पुलिस के बीच विश्वास को और मजबूत करने में मदद मिलेगी।
शाहजहाँपुर पुलिस — सुरक्षा आपकी, संकल्प हमारा।
