स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहाँपुर, 11 अगस्त। जनशिकायतों के निस्तारण में तेजी, पारदर्शिता एवं निष्पक्षता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के निर्देशन में शाहजहाँपुर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मंगलवार को कुल 45 शिकायतों का मौके पर जाकर निस्तारण किया गया।
पुलिस के अनुसार, आईजीआरएस के माध्यम से प्राप्त होने वाली जनशिकायतों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के नोडल अधिकारी अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण को नामित किया गया है।
अधिकारी मौके पर पहुंचकर कर रहे शिकायतों का निस्तारण
विशेष अभियान के तहत जनपद के सभी क्षेत्राधिकारी एवं थाना प्रभारी शिकायतकर्ताओं के मौके पर पहुंचकर उनकी शिकायतों का निस्तारण कर रहे हैं।
निर्धारित व्यवस्था के अनुसार प्रत्येक क्षेत्राधिकारी अपने सर्किल के थाना क्षेत्र में कम से कम एक स्थान तथा प्रत्येक थाना प्रभारी अपने क्षेत्र में कम से कम दो स्थानों पर प्रतिदिन मौके पर जाकर शिकायतों का निस्तारण करेंगे।
11 अगस्त 2026 को चलाए गए विशेष अभियान के दौरान जनपद के विभिन्न थानों पर प्राप्त शिकायतों में से कुल 45 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया।
शिकायतकर्ता को बार-बार थाने आने की जरूरत नहीं
शाहजहाँपुर पुलिस के अनुसार अभियान का उद्देश्य शिकायतकर्ताओं को अपनी समस्या के समाधान के लिए बार-बार थाने अथवा पुलिस कार्यालय के चक्कर लगाने से राहत देना है।
पुलिस टीम शिकायतकर्ता के घर अथवा संबंधित स्थल पर पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण कर रही है। आवश्यकता के अनुसार दोनों पक्षों से बातचीत एवं फीडबैक लेकर शिकायत के समाधान के संबंध में संतुष्टि सुनिश्चित की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मौके पर शिकायतों के निस्तारण से समय की बचत के साथ-साथ शिकायतों का बेहतर और निष्पक्ष समाधान सुनिश्चित करने में मदद मिल रही है।

