मिश्रपुर की बदहाल सड़क और जलभराव से हजारों लोग परेशान, 500 मीटर इंटरलॉकिंग रोड व चौड़ी नाली की मांग

लखनऊ। नगर निगम क्षेत्र के वार्ड नंबर 22 जानकीपुरम तृतीय स्थित मिश्रपुर में बदहाल रास्ते और जलनिकासी की समस्या को लेकर स्थानीय ग्रामीणों, अभिभावकों, छात्रों और क्षेत्रवासियों में नाराजगी है। लोगों ने मंदिर से डॉ. बी.पी. इंटर कॉलेज के पीछे होते हुए सोनू, सोनी व ओम प्रकाश के घर तक तथा ग्रीनसिटी अस्पताल तक करीब 500 मीटर इंटरलॉकिंग सड़क और दोनों ओर चौड़ी नाली बनवाने की मांग उठाई है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से रास्ता ऊबड़-खाबड़ और गड्ढों से भरा हुआ है। बारिश के दौरान नालियों का गंदा पानी और गोबर सड़क पर जमा हो जाता है, जिससे पूरे इलाके में कीचड़, दुर्गंध और जलभराव की स्थिति पैदा हो जाती है। आवागमन करने वाले लोगों के साथ-साथ स्कूली बच्चों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

क्षेत्रवासियों के मुताबिक, डॉ. बी.पी. इंटर कॉलेज, सेंट जेवियर्स स्कूल और ग्रीनसिटी अस्पताल जैसे प्रमुख संस्थान आसपास होने के कारण इस रास्ते से बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन होता है। खराब सड़क और जलनिकासी व्यवस्था के कारण बच्चों की किताबें व स्कूल ड्रेस तक खराब होने की स्थिति बन जाती है।

चार स्तर पर अधिकारियों को सौंपा गया प्रार्थना पत्र

समस्या के समाधान के लिए स्थानीय लोगों ने लखनऊ की महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल, नगर आयुक्त, जिलाधिकारी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तथा वार्ड नंबर 22 के क्षेत्रीय पार्षद दीपक लोधी को प्रार्थना पत्र देकर मौके का निरीक्षण कराने और सड़क व नाली निर्माण कराने की मांग की है।

ग्रामीणों ने मांग की है कि मौके पर स्थलीय जांच कराकर समस्या का स्थायी समाधान कराया जाए। उनका कहना है कि इंटरलॉकिंग सड़क बनने और दोनों तरफ चौड़ी नालियों का निर्माण होने से जलभराव की समस्या दूर होगी तथा स्कूली बच्चों, मरीजों, बुजुर्गों और स्थानीय नागरिकों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी।

क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई की उम्मीद जताते हुए कहा है कि सड़क और नाली निर्माण होने से मिश्रपुर के लोगों को वर्षों पुरानी समस्या से बड़ी राहत मिल सकती है।

Previous Post Next Post