ब्यूरो रिपोर्ट राज बहादुर लखनऊ ✍️
ग्रामीण बोले- पुलिया देखने आते हैं अधिकारी, नाले की सफाई करने नहीं
लखनऊ। मोहन रोड स्थित शिवरी ग्राम में घुरघुरी तालाब चौकी से पहले नाले की समय से सफाई न होने के चलते करीब 50 घरों के परिवार जलभराव की समस्या से जूझ रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि नाले की सफाई और जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने से बारिश का पानी रास्तों पर भर गया है, जिससे मोहन रोड तक पहुंचना मुश्किल हो गया है।
ग्रामीणों के मुताबिक करीब 500 मीटर के दायरे में रहने वाले लोगों के लिए यही मार्ग मुख्य आवागमन का साधन है। जलभराव के कारण बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को काफी परेशानी हो रही है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि विभागीय कर्मचारी और अधिकारी पुलिया व रास्ते को लेकर तो सक्रिय दिखाई देते हैं, लेकिन नाले की नियमित सफाई पर ध्यान नहीं दिया जाता। ग्रामीणों ने नाले और पुलिया के नाम पर कथित वसूली या दबाव बनाए जाने की भी शिकायत की है, जिसकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
नाले में मिला था आठ फीट लंबा अजगर
ग्रामीणों के अनुसार हाल ही में इसी नाले में करीब आठ फीट लंबा अजगर मिलने से हड़कंप मच गया था। वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर अजगर को रेस्क्यू किया था। ग्रामीणों का कहना है कि नाले में गंदगी, झाड़ियां और पानी जमा होने से जहरीले जीव-जंतुओं का खतरा बना रहता है।
स्थानीय निवासियों निशा, सुधा गुप्ता, शीला देवी, नीतू, राम मिलन, बब्लू, बनवारी, छोटू, संतोष कुमार, भाई लाल और हनुमान समेत अन्य ग्रामीणों ने प्रशासन से नाले की तत्काल सफाई, जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त कराने और करीब 50 घरों के लिए सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित कराने की मांग की है।
ग्रामीणों ने नाले और पुलिया के नाम पर किसी भी प्रकार की कथित वसूली या दबाव की शिकायत की निष्पक्ष जांच कराने की भी मांग की है।
