पुस्तकों का नशा करें, इतिहास रचें : कुलपति प्रो. पुष्पेंद्र बहादुर सिंह

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहाँपुर। स्वामी शुकदेवानंद विश्वविद्यालय के विज्ञान संकाय के दीक्षारम्भ कार्यक्रम में कुलपति प्रो. पुष्पेंद्र बहादुर सिंह ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों को प्रेरक संदेश दिया। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय के प्रथम बैच के विद्यार्थी उसके इतिहास का महत्वपूर्ण हिस्सा होंगे और भावी विकसित विश्वविद्यालय की नींव रखने में उनकी अहम भूमिका रहेगी।

कुलपति ने विद्यार्थियों से विश्वविद्यालय को लोकल से ग्लोबल बनाने के लिए शिक्षकों के साथ समन्वित सोच से कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित न रहें, बल्कि अपनी परिकल्पनाओं को व्यावहारिक प्रयोगों में उतारकर सीखें और अपने करियर की दिशा तय करने के लिए सही प्लेटफॉर्म का चयन करें।

उन्होंने व्यक्तित्व विकास के लिए विद्यार्थियों को सोशल मीडिया और नशे से दूर रहने की सलाह देते हुए कहा कि यदि विद्यार्थियों को पुस्तकों का नशा हो जाए तो राष्ट्र प्रगति के शिखरों को छू सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से ऐसी पहचान बनाने का आह्वान किया, जिससे भविष्य में उन्हें सदैव याद किया जाए।

कार्यक्रम में बीएससी की छात्राओं लहर दीक्षित एवं निवेदिता सिंह ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। विज्ञान संकाय प्रभारी डॉ. आलोक कुमार सिंह ने कार्यक्रम का परिचय देते हुए कुलपति को पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। भौतिकी विभागाध्यक्ष डॉ. शिशिर शुक्ला ने कार्यक्रम का संचालन किया, जबकि डॉ. आदर्श पांडेय ने धन्यवाद ज्ञापित किया।

इस अवसर पर अमित कुमार, डॉ. रमेश चंद्रा, डॉ. संदीप अवस्थी, चंदन गोस्वामी, डॉ. राजनंदन सिंह राजपूत, डॉ. हर्ष पाराशरी, डॉ. सत्येंद्र कुमार सिंह, डॉ. निधि त्रिपाठी, डॉ. मुमताज हुसैन, डॉ. शिखा सक्सेना, डॉ. केशव शुक्ला, डॉ. रजत कुमार सिंह, डॉ. राजेश सक्सेना, डॉ. सुमित त्रिवेदी, डॉ. अनामिका शुक्ला, भानु प्रताप सिंह, डॉ. शशांक गुप्ता, डॉ. अमित राज चौहान सहित सभी नवप्रवेशित विद्यार्थी मौजूद रहे।

Previous Post Next Post