ब्यूरो रिपोर्ट आनंद कुमार लखनऊ ✍️
लखनऊ। इंदिरानगर क्षेत्र में बंद मकानों की रेकी कर दिनदहाड़े चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले शातिर गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। मास्टरमाइंड समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, गिरोह के सदस्य बंद मकानों की पहले रेकी करते थे और मौका मिलते ही दिनदहाड़े चोरी की घटना को अंजाम देते थे। गिरोह में शामिल एक हाथ से दिव्यांग युवक घरों की छत से फांदकर ताले तोड़ने का काम करता था।
पुलिस ने इस गिरोह से जुड़ी चार चोरी की घटनाओं का खुलासा किया है। पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। चोरी का माल खरीदने वाले एक सुनार को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने चोरी किए गए जेवरात, 52,400 रुपये नकद, वारदात में इस्तेमाल कार और बाइक बरामद की है।
यह कार्रवाई थाना इंदिरानगर पुलिस और सर्विलांस टीम के संयुक्त अभियान में की गई। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह से जुड़ी अन्य घटनाओं और सदस्यों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
