प्रत्येक थाने पर जनसुनवाई अधिकारी की नियुक्ति, सुबह 8 से रात 8 बजे तक सुनेंगे फरियाद

 

ब्यूरो चीफ प्रमोद मिश्रा बलरामपुर ✍️

एसपी मार्तण्ड प्रकाश सिंह ने जनसुनवाई व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के दिए निर्देश

बलरामपुर। पुलिस अधीक्षक बलरामपुर मार्तण्ड प्रकाश सिंह ने आमजन की शिकायतों के त्वरित, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण विधिक निस्तारण तथा जनपद में जनसुनवाई व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जनपद के प्रत्येक थाने पर जनसुनवाई अधिकारी की नियुक्ति की है।

पुलिस अधीक्षक द्वारा जारी आदेश के अनुसार थाना स्तर पर नियुक्त जनसुनवाई अधिकारी थाने पर आने वाले प्रत्येक शिकायतकर्ता की समस्या को गंभीरतापूर्वक सुनेंगे और संबंधित अधिकारी/कर्मचारी से समन्वय स्थापित कर विधिक कार्रवाई सुनिश्चित कराते हुए समस्या का निस्तारण कराएंगे।

जनपद के सभी थानों में नियुक्त जनसुनवाई अधिकारियों का मुख्य दायित्व होगा कि वे प्रतिदिन सुबह 08:00 बजे से रात्रि 08:00 बजे तक थाना परिसर में निर्धारित स्थान पर उपस्थित रहें और दूर-दराज से आने वाले शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को एक-एक कर गंभीरतापूर्वक सुनें।

जनसुनवाई के दौरान प्रत्येक शिकायतकर्ता के साथ मृदुभाषी एवं शिष्ट व्यवहार करने तथा उसकी बात को धैर्यपूर्वक सुनकर न्याय का भरोसा दिलाने के निर्देश दिए गए हैं। किसी भी शिकायतकर्ता के साथ दुर्व्यवहार को गंभीरता से लिया जाएगा और इसे क्षम्य नहीं माना जाएगा।

थाना स्तर पर प्राप्त होने वाली समस्त शिकायतों, प्रार्थना पत्रों, आईजीआरएस, सीएम हेल्पलाइन एवं उच्चाधिकारियों से प्राप्त संदर्भों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित एवं विधिक निस्तारण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं।

भूमि विवाद से संबंधित मामलों में राजस्व टीम के साथ संयुक्त जांच, पारिवारिक विवाद में आवश्यक काउंसलिंग तथा गंभीर प्रकृति की शिकायतों में तत्काल अभियोग पंजीकृत कर विधिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रत्येक जनसुनवाई अधिकारी द्वारा किए गए निस्तारण की उच्चाधिकारियों द्वारा प्रतिदिन समीक्षा की जाएगी। शिकायत के निस्तारण के बाद शिकायतकर्ता से फीडबैक भी प्राप्त किया जाएगा। लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध दंडात्मक एवं विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह ने कहा कि जनसुनवाई व्यवस्था का उद्देश्य जनता और पुलिस के बीच विश्वास को मजबूत करना तथा आमजन को थाने के स्तर पर ही त्वरित एवं न्यायसंगत समाधान उपलब्ध कराना है।

Previous Post Next Post