पुलिस अधीक्षक ने की जनसुनवाई, शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के दिए निर्देश

 

ब्यूरो चीफ प्रमोद मिश्रा बलरामपुर ✍️

भूमि विवाद, पारिवारिक विवाद, मारपीट, धोखाधड़ी, साइबर फ्रॉड एवं महिला उत्पीड़न से जुड़े मामले पहुंचे

बलरामपुर। दिनांक 29 अगस्त 2026 को पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह द्वारा पुलिस अधीक्षक कार्यालय में जनसुनवाई की गई। इस दौरान जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों से आए शिकायतकर्ताओं एवं आमजन की समस्याओं और शिकायतों को पुलिस अधीक्षक ने एक-एक कर गंभीरतापूर्वक सुना।

जनसुनवाई के दौरान भूमि विवाद, पारिवारिक विवाद, मारपीट, धोखाधड़ी, साइबर फ्रॉड एवं महिला उत्पीड़न से संबंधित प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। पुलिस अधीक्षक ने प्रत्येक प्रकरण की प्रकृति के अनुसार संबंधित थाना प्रभारियों एवं क्षेत्राधिकारियों से गूगल मीट के माध्यम से तत्काल संवाद कर शिकायतों के निस्तारण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों की जांच कर समयबद्ध, प्रभावी एवं विधिक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही क्षम्य नहीं होगी।

भूमि विवाद एवं चकबंदी से जुड़े मामलों के त्वरित समाधान के लिए पुलिस एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम गठित कर मौके पर जाकर पैमाइश एवं निस्तारण कराने के निर्देश दिए गए। वहीं, महिला उत्पीड़न से संबंधित मामलों में तत्काल उचित वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के साथ ही मिशन शक्ति के तहत जागरूकता बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।

साइबर फ्रॉड से संबंधित शिकायतों को साइबर सेल को स्थानांतरित कर 24 घंटे के भीतर आवेदक से संपर्क कर कार्रवाई प्रारंभ करने के निर्देश दिए गए।

पुलिस अधीक्षक ने उपस्थित अधिकारियों को जनता के साथ शिष्ट, संवेदनशील एवं सहयोगात्मक व्यवहार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि थानों पर आने वाले प्रत्येक शिकायतकर्ता की समस्या को गंभीरता से सुनकर उसकी तत्काल मदद की जाए। प्राप्त प्रार्थना पत्रों के निस्तारण की गुणवत्ता की समीक्षा उनके स्तर से स्वयं की जाएगी।

पुलिस प्रशासन द्वारा आयोजित यह जनसुनवाई कार्यक्रम आमजन के प्रति जवाबदेही, संवेदनशीलता एवं त्वरित न्याय दिलाने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

Previous Post Next Post