🇮🇳 शाहजहांपुर में हर्षोल्लास से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️

जिलाधिकारी ने शहीदों एवं महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर अर्पित किए श्रद्धासुमन, कलेक्ट्रेट में फहराया तिरंगा

वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को किया सम्मानित

शाहजहांपुर, 15 अगस्त। जनपद शाहजहांपुर में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह परंपरागत गरिमा, उत्साह और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। इस अवसर पर विभिन्न स्थानों पर देशभक्ति से ओत-प्रोत कार्यक्रम आयोजित किए गए।

जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने प्रातः महात्मा गांधी, लाल बहादुर शास्त्री एवं नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद नगर निगम परिसर स्थित शहीदों की प्रतिमाओं तथा शहीद उद्यान पार्क में बाल गंगाधर तिलक की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं महापुरुषों को नमन किया।

कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर तिरंगे को सलामी दी तथा अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता की शपथ दिलाई। विभिन्न विद्यालयों के बच्चों ने देशभक्ति से जुड़े सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। जिलाधिकारी ने प्रतिभागी बच्चों को उपहार देकर सम्मानित किया।

जिलाधिकारी ने कहा कि देश की आजादी के लिए स्वतंत्रता सेनानियों ने अनेक संघर्ष और बलिदान दिए। उन्होंने कहा कि देश की सीमाएं सुरक्षित रहें, आर्थिक स्थिति मजबूत हो और प्रत्येक नागरिक अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करे, तभी जिला, प्रदेश और देश निरंतर प्रगति करेगा।

उन्होंने नागरिकों से अपने-अपने कार्यक्षेत्र में पूरी निष्ठा एवं उत्कृष्टता के साथ कार्य करते हुए देश की आर्थिक प्रगति में योगदान देने का आह्वान किया। जिलाधिकारी ने परमवीर चक्र विजेता नायक जदुनाथ सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया।

स्वतंत्रता दिवस का मुख्य कार्यक्रम

स्वतंत्रता दिवस का मुख्य कार्यक्रम उत्तर प्रदेश सरकार के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री श्री सुरेश कुमार खन्ना की अध्यक्षता में छावनी परिषद शहीद संग्रहालय, शाहजहांपुर कैंटोनमेंट में आयोजित हुआ।

कार्यक्रम से पूर्व मंत्री ने राज्यसभा सांसद मिथिलेश कठेरिया, सांसद अरुण कुमार सागर, तिलहर विधायक सलोना कुशवाहा, महापौर अर्चना वर्मा, एमएलसी सुधीर गुप्ता सहित अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ काकोरी एक्शन के अमर नायकों पंडित राम प्रसाद बिस्मिल, ठाकुर रोशन सिंह एवं अशफाक उल्ला खां की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

मुख्य अतिथि सुरेश कुमार खन्ना ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर तिरंगे को सलामी दी और राष्ट्रीय गीत का गायन किया। उन्होंने उपस्थित लोगों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई तथा स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को सम्मानित किया।

2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का आह्वान

वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री ने 80वें स्वतंत्रता दिवस पर जनपद, प्रदेश एवं देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले वीर जवानों तथा स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने पिछले वर्षों में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है और देश आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री का लक्ष्य वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाना है। इसके लिए प्रत्येक नागरिक को अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करना होगा।

उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और अपनी प्रतिभा को निखारकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, महिलाओं के सशक्तिकरण और शिक्षा के क्षेत्र में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाए रखने के लिए सभी को एकजुट होकर कार्य करना होगा और आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने में अपना योगदान देना होगा।

कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। कार्यक्रम के अंत में जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने उपस्थित अतिथियों एवं जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन इंदु अजनबी ने किया।

🇮🇳 पुलिस लाइन से निकली रैली, शहीदों को दी सलामी

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पुलिस लाइन से आरक्षियों की रैली भी निकाली गई, जो विभिन्न मार्गों से होते हुए खिरनीबाग स्थित रामलीला मैदान पहुंची। यहां शहीदों को सलामी दी गई। जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह एवं पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने शहीदों को सलामी अर्पित की।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित, नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी, मुख्य विकास अधिकारी उत्कर्ष द्विवेदी, अपर जिलाधिकारी प्रशासन रजनीश कुमार मिश्र, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरविंद कुमार, सीईओ कैंटोनमेंट हर्षिता, एसपी सिटी देवेंद्र कुमार, एसपीआरए दीक्षा भंवरे, नगर मजिस्ट्रेट रजनीकांत, जिला विद्यालय निरीक्षक हरवंश कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी जयशंकर श्रीवास्तव, छावनी परिषद के अवधेश दीक्षित सहित अन्य अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Previous Post Next Post