ब्यूरो चीफ प्रमोद मिश्रा बलरामपुर ✍️
बलरामपुर। थाना कोतवाली नगर पुलिस ने एटीएम कार्ड चोरी कर बैंक खाते से करीब 9 लाख रुपये निकालने के मामले में नामजद अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, अभियुक्त पूर्व में पीड़ित के घर पर घरेलू नौकर के रूप में काम करता था।
पुलिस के मुताबिक, 20 अगस्त 2026 को प्रेम कुमार मिश्रा निवासी पूरबटोला पश्चिमी, थाना कोतवाली नगर ने तहरीर देकर आरोप लगाया कि उनके पूर्व घरेलू नौकर सलमान खान उर्फ मन्ना पुत्र रियाज अहमद, निवासी पूरबटोला पश्चिमी, ने उनका एटीएम कार्ड चोरी कर बैंक खाते से करीब 9 लाख रुपये निकालकर खर्च कर दिए।
तहरीर के आधार पर थाना कोतवाली नगर में मु0अ0सं0 194/2026, धारा 318(4), 305(ए) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की विवेचना एवं अभियुक्त की गिरफ्तारी की जिम्मेदारी उपनिरीक्षक सूर्या प्रकाश शर्मा को सौंपी गई।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय एवं क्षेत्राधिकारी नगर अभिषेक सिंह के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 21 अगस्त 2026 को नामजद अभियुक्त सलमान उर्फ मन्ना को सुआवनाला से गेल्हापुर वाले मार्ग से गिरफ्तार किया।
निशानदेही पर सामान और नकदी बरामद
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि उसने धोखाधड़ी से एटीएम का पिन जान लिया था और खाते से करीब 10 लाख रुपये निकाले थे। पूछताछ में उसने बताया कि निकाली गई रकम से मोटरसाइकिल, एलजी कंपनी का एसी, सैमसंग कंपनी का टीवी, समरकूल कूलर, टुल्लू पंप और रेडमी मोबाइल सहित अन्य सामान खरीदा तथा घर बनवाने में भी रुपये खर्च किए।
पुलिस ने अभियुक्त की जामा तलाशी एवं निशानदेही के आधार पर एक काले रंग का पिट्ठू बैग, उसमें एचडीएफसी बैंक का रुपे एटीएम कार्ड, 77,500 रुपये नकद तथा मोटोरोला कंपनी का मोबाइल फोन बरामद किया।
बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस द्वारा मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
