स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहाँपुर। स्वामी शुकदेवानंद विश्वविद्यालय में एंटी रैगिंग सप्ताह के तहत विद्यार्थियों को रैगिंग जैसी कुप्रथा के प्रति जागरूक करने तथा विश्वविद्यालय परिसर को पूर्णतः रैगिंग मुक्त बनाने के उद्देश्य से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कुलानुशासक डॉ. आलोक कुमार सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों एवं विश्वविद्यालय परिवार के सदस्यों ने रैगिंग के विरुद्ध जागरूकता का संदेश दिया और रैगिंग न करने तथा न होने देने की शपथ ली।
वरिष्ठ विद्यार्थियों से नवागंतुकों का मार्गदर्शन करने की अपील
कार्यक्रम की विषय स्थापना विधि संकाय के डॉ. प्रदीप कुमार सिंह ने की। वाणिज्य संकाय के वरिष्ठ प्रोफेसर डॉ. अनुराग अग्रवाल ने कहा कि विश्वविद्यालय केवल ज्ञान प्राप्त करने का केंद्र नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण की भूमि भी है। वरिष्ठ विद्यार्थियों का दायित्व है कि वे अपने अनुभव और स्नेह के माध्यम से नवागंतुक विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करें, न कि उन्हें किसी असहज या अपमानजनक स्थिति में डालें।
प्रोफेसर राकेश कुमार आजाद ने कहा कि रैगिंग के नाम पर किसी विद्यार्थी का मानसिक या शारीरिक उत्पीड़न स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने विद्यार्थियों से परिसर में अनुशासन, संवेदनशीलता और परस्पर सम्मान की भावना बनाए रखने का आह्वान किया।
रैगिंग के कानूनी प्रावधानों की दी जानकारी
विधि संकाय के प्रोफेसर डॉ. जयशंकर ओझा ने रैगिंग से संबंधित विधिक प्रावधानों की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को इसके दुष्परिणामों से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि रैगिंग केवल अनुशासनहीनता नहीं, बल्कि गंभीर कृत्य हो सकता है और इसके लिए नियमानुसार कठोर कार्रवाई का प्रावधान है।
उन्होंने विद्यार्थियों को अपने अधिकारों एवं दायित्वों के प्रति जागरूक रहने की सलाह दी।
रैगिंग पर विश्वविद्यालय की जीरो टॉलरेंस नीति
कुलानुशासक डॉ. आलोक कुमार सिंह ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन रैगिंग के प्रति शून्य-सहिष्णुता की नीति पर कार्य कर रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि किसी भी प्रकार की रैगिंग की घटना को छिपाने के बजाय तत्काल विश्वविद्यालय प्रशासन को सूचित करें।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को सुरक्षित, सम्मानजनक और सौहार्दपूर्ण वातावरण उपलब्ध कराना विश्वविद्यालय की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने रैगिंग के विरुद्ध सामूहिक शपथ ली और विश्वविद्यालय परिसर को रैगिंग मुक्त बनाए रखने का संकल्प लिया।
इस मौके पर अमित कुमार, डॉ. अर्चना गर्ग, डॉ. पूजा बाजपेयी, डॉ. धर्मवीर सिंह, डॉ. बृजनिवास, डॉ. अखिलेश तिवारी, डॉ. अभिजीत मिश्रा, डॉ. मानवेन्द्र सिंह, डॉ. विनीता राठौर, डॉ. सुखदेव, डॉ. अखंड प्रताप सिंह, श्रीमती प्रीती, व्याख्या सक्सेना, सौरभ मिश्रा, रोहित सिंह सहित शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
