स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहाँपुर। स्वामी शुकदेवानन्द विश्वविद्यालय के विधि अध्ययन संकाय को भारतीय विधिज्ञ परिषद (बीसीआई) से शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए विधि पाठ्यक्रम संचालित करने की स्वीकृति मिल गई है।
विश्वविद्यालय के विधि अध्ययन संकाय का 27 जुलाई 2026 को बीसीआई की निरीक्षण टीम द्वारा निरीक्षण किया गया था। निरीक्षण के उपरांत बीसीआई ने विधि पाठ्यक्रम संचालित करने की अनुमति प्रदान की। इसके साथ ही विधि अध्ययन संकाय को विधि की डिग्री प्रदान करने के उद्देश्य से मान्यता (डिग्री अवार्डिंग स्टेटस) भी प्रदान की गई है।
विश्वविद्यालय के लिए इसे विधि शिक्षा के क्षेत्र में संस्थागत विकास एवं अकादमिक विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
गुणवत्तापूर्ण विधि शिक्षा को मिलेगा बढ़ावा
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. पी.बी. सिंह ने बीसीआई की स्वीकृति को महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि इससे विधि शिक्षा के क्षेत्र में विश्वविद्यालय की अकादमिक पहचान को मजबूती मिलेगी और अधिकाधिक विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण विधि शिक्षा से जुड़ने का अवसर प्राप्त होगा।
विधि अध्ययन संकाय के प्रभारी प्रो. जयशंकर ओझा ने कहा कि संकाय विश्वविद्यालय की गरिमा एवं जन आकांक्षाओं के अनुरूप विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण, व्यावहारिक एवं रोजगारपरक विधि शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगा।
बीसीआई की स्वीकृति मिलने से विधि अध्ययन संकाय के शिक्षकों एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों में भी हर्ष का माहौल है।
