कांवड़ पॉइंटों एवं यातायात व्यवस्था का निरीक्षण, पुलिसकर्मियों को दिए आवश्यक निर्देश

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️

श्रवण मास एवं कांवड़ यात्रा को लेकर जलालाबाद-अल्हागंज क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

शाहजहाँपुर, 22 अगस्त 2026। पुलिस अधीक्षक शाहजहाँपुर श्री सौरभ दीक्षित के निर्देशन में श्रवण मास एवं कांवड़ यात्रा को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से क्षेत्राधिकारी परशुरामपुरी द्वारा थाना जलालाबाद एवं थाना अल्हागंज क्षेत्र में कांवड़ यात्रा मार्ग एवं निर्धारित कांवड़ पॉइंटों का निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी ने कांवड़ पॉइंटों पर तैनात पुलिस बल की ड्यूटी चेक की। पुलिसकर्मियों को अपने निर्धारित ड्यूटी प्वाइंट पर पूरी सतर्कता के साथ तैनात रहने तथा कांवड़ियों एवं श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने कांवड़ियों के आवागमन को सुचारु बनाए रखने और किसी भी आकस्मिक स्थिति में तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

यातायात व्यवस्था पर विशेष जोर

क्षेत्राधिकारी ने कांवड़ यात्रा मार्ग पर यातायात व्यवस्था का भी जायजा लिया। उन्होंने वाहनों के सुगम एवं निर्बाध आवागमन, भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष सतर्कता तथा यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए संबंधित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

क्षेत्राधिकारी ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी अधिकारी एवं पुलिसकर्मी पूर्ण सजगता, संवेदनशीलता एवं जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें। किसी भी प्रकार की सूचना या समस्या प्राप्त होने पर तत्काल मौके पर पहुंचकर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

शाहजहाँपुर पुलिस द्वारा श्रवण मास एवं कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा, यातायात एवं कानून-व्यवस्था को लेकर लगातार निगरानी एवं आवश्यक पुलिस व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।

Previous Post Next Post