ब्यूरो चीफ प्रमोद मिश्रा बलरामपुर ✍️
बलरामपुर। थाना तुलसीपुर पुलिस ने कोडीन कफ सीरप के भंडारण एवं अवैध बिक्री से संबंधित दर्ज मुकदमों में लंबे समय से फरार चल रहे दो वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। दोनों के खिलाफ न्यायालय द्वारा गैर-जमानती वारंट एवं धारा 82 सीआरपीसी की कार्रवाई जारी की जा चुकी थी।
पुलिस के अनुसार, 19 नवंबर 2025 को औषधि निरीक्षक गोंडा एवं अतिरिक्त प्रभार जनपद बलरामपुर सुमित कुमार वर्मा की लिखित तहरीर पर कोडीन कफ सीरप के बिक्री बिल उपलब्ध न कराने तथा विक्रय अनुज्ञप्ति के दुरुपयोग के संबंध में थाना तुलसीपुर में दो मुकदमे दर्ज किए गए थे।
इनमें मु0अ0सं0 243/2025 एवं 244/2025 में धारा 318(4) बीएनएस, धारा 27(घ)/28(क) औषधि एवं प्रसाधन अधिनियम तथा धारा 8/21/29 एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई थी।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में वांछित एवं वारंटी अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय एवं क्षेत्राधिकारी तुलसीपुर अभय प्रताप मल्ल के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक तुलसीपुर सुधीर कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की।
दो अलग-अलग स्थानों से हुई गिरफ्तारी
विवेचना के दौरान 1 फरवरी 2026 को प्रकाश में आए अभियुक्त काफी समय से फरार चल रहे थे। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए:
- चन्द्रमोहन गुप्ता पुत्र शिवकुमार गुप्ता, निवासी ओड़ाझार कलां, थाना तुलसीपुर को ग्राम ओड़ाझार कलां के पास से गिरफ्तार किया।
- नियाज अहमद पुत्र मोहम्मद इदरीश, निवासी रमवापुर लक्ष्मनपुर, थाना तुलसीपुर को कलश चौराहा से गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक दोनों अभियुक्तों की लंबे समय से तलाश की जा रही थी। गिरफ्तारी के बाद दोनों को आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
