बारावफात को लेकर पुलिस अलर्ट, सिंधौली में आयोजकों व संभ्रांत नागरिकों के साथ बैठक

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️

अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ने जुलूस मार्ग का किया निरीक्षण, सुरक्षा-व्यवस्था को लेकर दिए निर्देश

शाहजहाँपुर, 25 अगस्त। आगामी बारावफात पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए शाहजहाँपुर पुलिस द्वारा तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ने क्षेत्राधिकारी पुवायाँ के साथ थाना सिंधौली में संभ्रांत नागरिकों एवं बारावफात जुलूस के आयोजकों के साथ बैठक की।

बैठक में आगामी त्योहार के मद्देनजर सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था की समीक्षा की गई। अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ने जुलूस आयोजकों से निर्धारित जुलूस मार्ग, समय एवं अन्य व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली।

उन्होंने आयोजकों एवं संभ्रांत नागरिकों से आपसी भाईचारा, शांति एवं सौहार्द बनाए रखने तथा त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।

👮 जुलूस मार्ग पर रहेगी कड़ी निगरानी

अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ने संबंधित पुलिस अधिकारियों को जुलूस मार्ग पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, सतर्क निगरानी और सुचारु यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने तथा किसी भी अफवाह या भ्रामक सूचना पर तत्काल संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई करने के लिए भी निर्देशित किया गया।

📍 जुलूस मार्ग का स्थलीय निरीक्षण

बैठक के बाद अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं क्षेत्राधिकारी पुवायाँ द्वारा बारावफात जुलूस मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया गया। इस दौरान मार्ग की स्थिति एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

शाहजहाँपुर पुलिस द्वारा आगामी बारावफात पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए व्यापक सुरक्षा तैयारियां और सतर्क निगरानी की जा रही है।

Previous Post Next Post