🎀 पुलिस कार्यालय में बच्चों ने पुलिस अधिकारियों को बांधा रक्षा सूत्र, रक्षाबंधन पर दिखा आत्मीयता का भाव

 

ब्यूरो चीफ प्रमोद मिश्रा बलरामपुर ✍️

एसपी समेत पुलिस अधिकारियों को बच्चों ने भेंट किए रक्षा सूत्र, ग्रीटिंग कार्ड और मिठाइयां

बलरामपुर। रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं के नेतृत्व में बच्चों ने पुलिस कार्यालय पहुंचकर पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह समेत पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को रक्षा सूत्र बांधकर रक्षाबंधन का पर्व मनाया।

बच्चों ने पुलिस अधीक्षक को रक्षा सूत्र बांधकर सुरक्षित समाज की कामना की। इसके बाद अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय, पुलिस उपाधीक्षक अशोक सिंह, पुलिस उपाधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय एवं कमाण्डेंट होमगार्ड शिवेन्द्र प्रताप सिंह सहित कार्यालय में मौजूद अन्य पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी रक्षा सूत्र बांधा गया।

इस दौरान बच्चों ने अपने हाथों से तैयार किए गए ग्रीटिंग कार्ड, रक्षा सूत्र एवं मिठाइयां पुलिस अधिकारियों को भेंट कर रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। बच्चों के स्नेह और अपनत्व से पुलिस कार्यालय का माहौल उल्लास एवं आत्मीयता से भर गया।

👮 एसपी ने बच्चों को दिया सुरक्षा और विश्वास का संदेश

बच्चों के स्नेह से अभिभूत पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह ने सभी बच्चों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के प्रेम का पर्व नहीं, बल्कि एक-दूसरे की सुरक्षा, सम्मान और विश्वास के संकल्प का भी पर्व है।

उन्होंने बच्चों से आत्मीय संवाद करते हुए कहा कि पुलिस समाज के प्रत्येक आमजन की सुरक्षा, सम्मान एवं विश्वास बनाए रखने के साथ-साथ नागरिकों के उज्ज्वल भविष्य और सुरक्षित वातावरण के लिए सदैव प्रतिबद्ध है।

पुलिस अधीक्षक ने बच्चों को चॉकलेट एवं उपहार प्रदान किए और उन्हें मन लगाकर पढ़ाई करने, अनुशासन का पालन करने तथा भविष्य में देश एवं समाज की सेवा करने के लिए प्रेरित किया।

🤝 पुलिस और बच्चों के बीच मजबूत हुआ विश्वास

कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों के मन में पुलिस के प्रति मित्रता, विश्वास एवं सम्मान की भावना विकसित करना तथा पुलिस एवं समाज के बीच आत्मीय संबंधों को मजबूत करना रहा। इस तरह के आयोजन पुलिस और आमजन के बीच संवाद एवं विश्वास को और अधिक सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम के दौरान KIDZEE PRE स्कूल की शिक्षक-शिक्षिकाएं, स्टाफ तथा पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Previous Post Next Post