तेज रफ्तार और लापरवाही से कार चलाकर युवक की मौत, आरोपी चालक गिरफ्तार

ब्यूरो रिपोर्ट रिज़वान अली, लखनऊ ✍️

लखनऊ, 01 अगस्त। राजधानी के पीजीआई थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाकर सड़क दुर्घटना करने के मामले में पीजीआई पुलिस ने एक आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है। हादसे में एक युवक की मौत हो गई थी। आरोपी ने पूछताछ में स्वीकार किया कि दुर्घटना के समय वह नशे की हालत में वाहन चला रहा था।

पुलिस आयुक्त तरुण गाबा के निर्देश पर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत संयुक्त पुलिस आयुक्त अपर्णा कुमार, पुलिस उपायुक्त (दक्षिणी) मो. मुश्ताक, अपर पुलिस उपायुक्त रल्लापल्ली वंशथ कुमार, सहायक पुलिस आयुक्त ऋषभ यादव तथा प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार सिंह के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के अनुसार, 29 जुलाई 2026 को वादी दिनेश कुमार गुप्ता, निवासी कानपुर, ने तहरीर देकर बताया कि शहीद पथ स्थित शहीद नगर अंडरपास के ऊपर एक कार चालक ने अत्यधिक तेज गति एवं लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनके पुत्र अपूर्व ओमर को टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल अपूर्व की उपचार के दौरान मौत हो गई।

मामले में दर्ज मुकदमे की विवेचना के दौरान पुलिस ने 01 अगस्त 2026 को आरोपी नीरज सिंह उर्फ सिद्धार्थ सिंह, पुत्र रामकृपाल सिंह, निवासी दलाबला खेड़ा, थाना कल्याणपुर, जनपद फतेहपुर को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि दुर्घटना के समय वह नशे की हालत में कार चला रहा था, जिसके कारण वाहन अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हुआ और यह हादसा हुआ।

पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है।

Previous Post Next Post