परिवार परामर्श केंद्र की पहल रंग लाई, तीन माह से अलग रह रहे दंपति में हुआ समझौता

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️

15 मामलों की सुनवाई, एक दंपति को समझौते के बाद साथ भेजा गया

शाहजहाँपुर, 01 अगस्त 2026। पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के निर्देशन में शनिवार को पुलिस लाइन स्थित परिवार परामर्श केंद्र में वैवाहिक विवादों के निस्तारण हेतु सुनवाई आयोजित की गई। इस दौरान 15 पत्रावलियों पर सुनवाई की गई, जिनमें से एक दंपति के बीच आपसी समझौता कराकर उन्हें साथ विदा किया गया।

परिवार परामर्श केंद्र में थाना गढ़िया रंगीन क्षेत्र के एक दंपति का मामला सामने आया, जिनका विवाह लगभग तीन वर्ष पूर्व हुआ था। दंपति की दो वर्ष की एक पुत्री भी है। पारिवारिक विवाद के चलते पत्नी पिछले तीन माह से मायके में रह रही थी।

सुनवाई के दौरान पत्नी ने आरोप लगाया कि पति अपनी मां और बहन के कहने पर उसके साथ मारपीट करता है। वहीं पति ने अपनी बात रखते हुए कहा कि उसकी पत्नी घर में उसकी मां-बहन से विवाद करती है और घरेलू कार्यों में सहयोग नहीं करती।

परिवार परामर्श केंद्र की टीम ने दोनों पक्षों की बातें गंभीरता से सुनने के बाद आपसी संवाद कराया और समझाइश दी। विस्तृत काउंसलिंग के बाद दोनों ने अपने मतभेद भुलाकर साथ रहने पर सहमति व्यक्त की।

समझौते के उपरांत दंपति को परिवार परामर्श केंद्र से सकुशल विदा किया गया।

इस अवसर पर प्रभारी परिवार परामर्श केंद्र, महिला मुख्य आरक्षी चंद्रकांता शर्मा, महिला आरक्षी नेहा चौहान, रश्मि चौधरी, पिंकी, निशा मिश्रा तथा आरक्षी विनीत कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।

Previous Post Next Post