ब्यूरो चीफ प्रमोद मिश्रा बलरामपुर ✍️
बलरामपुर। संतोषी माता मंदिर के निकट स्थित ऐतिहासिक आज़ाद पार्क के सुंदरीकरण, पुनर्विकास, नवप्रतिमा स्थापना एवं विभिन्न नव निर्माण कार्यों का रविवार को भव्य समारोह के बीच विधिवत लोकार्पण किया गया।
लोकार्पण समारोह में महंत मिथलेश नाथ योगी जी महाराज, देवीपाटन मंदिर तुलसीपुर, सदर विधायक पल्टूराम एवं नगर पालिका परिषद के चेयरमैन डॉ. धीरेन्द्र प्रताप सिंह ‘धीरू’ ने संयुक्त रूप से लोकार्पण किया।
पुनर्विकास के बाद आज़ाद पार्क का स्वरूप और अधिक आकर्षक एवं व्यवस्थित हो गया है। सुंदरीकरण एवं नव निर्माण कार्यों से नगर की सुंदरता में वृद्धि होने के साथ ही ऐतिहासिक एवं राष्ट्रभक्ति से जुड़े इस स्थल को नई पहचान मिली है। नवप्रतिमा स्थापना के माध्यम से स्वतंत्रता संग्राम की गौरवशाली स्मृतियों और राष्ट्रनायकों के प्रति सम्मान की भावना को भी मजबूती मिली है।
समारोह को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि आज़ाद पार्क केवल एक पार्क नहीं, बल्कि बलरामपुर की ऐतिहासिक चेतना और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है। इसके पुनर्विकास से इस स्थल को नई पीढ़ी के लिए अधिक उपयोगी एवं प्रेरणादायी बनाया गया है। यह स्थल युवाओं एवं नगरवासियों को स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के संघर्ष और त्याग की याद दिलाता रहेगा।
कार्यक्रम में संत सर्वेश जी महाराज, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सौम्य अग्रवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष रवि कुमार मिश्रा, डी.पी. सिंह बैस, नगर व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय शर्मा, जिला उपाध्यक्ष संजय शुक्ला, ब्लॉक प्रमुख राकेश तिवारी, अधिशासी अधिकारी लाल चंद्र मौर्य, सम्मानित सभासदगण, नगर पालिका परिषद के अधिकारी-कर्मचारी, व्यापारिक बंधु, मातृशक्ति एवं बड़ी संख्या में नगरवासी मौजूद रहे।
उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों ने आज़ाद पार्क के पुनर्विकास कार्य की सराहना करते हुए कहा कि ऐतिहासिक स्थलों का संरक्षण वर्तमान पीढ़ी के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों के प्रति भी जिम्मेदारी है। ऐसे स्थल बच्चों एवं युवाओं को इतिहास, स्वतंत्रता संग्राम और राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों की प्रेरणा देते हैं।
नगर पालिका परिषद द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों की श्रृंखला में आज़ाद पार्क का पुनर्विकास महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। नगर के सौंदर्यीकरण, ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण और जनसुविधाओं के विस्तार के प्रयासों से बलरामपुर को बेहतर एवं सुव्यवस्थित नगर के रूप में विकसित करने की दिशा में कार्य जारी है।
लोकार्पण समारोह में नगरवासियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए आज़ाद पार्क के नए स्वरूप का स्वागत किया। कार्यक्रम के अंत में नगर पालिका परिषद की ओर से संत-महात्माओं, जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों, अधिकारियों-कर्मचारियों, व्यापारिक संगठनों, मातृशक्ति एवं नगरवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
आज़ाद पार्क का नया स्वरूप बलरामपुर की गौरवशाली विरासत, राष्ट्रभक्ति और विकास के संकल्प को एक साथ अभिव्यक्त करता है।
