निगोहां पुलिस की गुंडा अधिनियम के तहत कार्रवाई, समाज विरोधी गतिविधियों में संलिप्त युवक पर कसा शिकंजा

 

ब्यूरो रिपोर्ट रिज़वान अली लखनऊ ✍️

लखनऊ, 16 अगस्त 2026। अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना निगोहां पुलिस ने समाज विरोधी गतिविधियों में संलिप्त एक व्यक्ति के विरुद्ध उत्तर प्रदेश गुंडा नियंत्रण अधिनियम-1970 के तहत प्रभावी निरोधात्मक कार्रवाई की है।

पुलिस के अनुसार, सर्वजीत पुत्र रामकिशोर, निवासी ग्राम भगवानपुर, थाना निगोहां, लखनऊ, उम्र करीब 24 वर्ष के विरुद्ध मारपीट, गाली-गलौज एवं जान से मारने की धमकी देने जैसी गतिविधियों से संबंधित कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसके आचरण को देखते हुए क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा समाज विरोधी गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से यह कार्रवाई की गई।

पुलिस के मुताबिक, प्रकरण में वाद संख्या 102(20)/2026 के तहत संयुक्त पुलिस आयुक्त, कानून एवं व्यवस्था, लखनऊ के न्यायालय में कार्रवाई की गई।

गुंडा अधिनियम के तहत कार्रवाई के दौरान थाना निगोहां पुलिस टीम द्वारा अभियुक्त के निवास स्थान पर डुगडुगी बजवाकर आसपास के लोगों को कार्रवाई की जानकारी दी गई।

पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा समाज विरोधी गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए निरोधात्मक कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Previous Post Next Post