🇮🇳 स्वतंत्रता दिवस पर फुलवरिया बाईपास चौराहे का हुआ सौंदर्यीकरण, ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ की प्रतिमा का अनावरण

 

ब्यूरो चीफ प्रमोद मिश्रा बलरामपुर ✍️

बलरामपुर। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर फुलवरिया बाईपास चौराहे के सौंदर्यीकरण कार्य का लोकार्पण किया गया। इस दौरान चौराहे पर ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ की थीम पर स्थापित प्रतीकात्मक प्रतिमा का भी अनावरण किया गया।

विधायक सदर पल्टूराम, जिला पंचायत अध्यक्ष आरती तिवारी एवं जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने संयुक्त रूप से प्रतिमा का अनावरण करते हुए सौंदर्यीकरण कार्य का लोकार्पण किया।

चौराहे को आकर्षक एवं संदेशपरक स्वरूप देते हुए यहां अध्ययनरत बालिका की प्रतीकात्मक प्रतिमा स्थापित की गई है। यह प्रतिमा बालिका शिक्षा, ज्ञान, आत्मनिर्भरता एवं महिला सशक्तिकरण का संदेश देती है।

चौराहे पर स्थापित विशाल राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा और ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ की थीम पर आधारित प्रतिमा स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर लोगों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनी। इसके माध्यम से बेटियों को शिक्षा और आगे बढ़ने के समान अवसर देने का संदेश दिया गया।

जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने कहा कि जनपद के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ, सुंदर, सुव्यवस्थित और प्रेरणादायी स्वरूप प्रदान करने की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बेटियों की शिक्षा और उनका सशक्तिकरण समाज एवं राष्ट्र की प्रगति का महत्वपूर्ण आधार है।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को चौराहे की सुंदरता एवं स्वच्छता बनाए रखने तथा विकसित सुविधाओं के समुचित रखरखाव के निर्देश दिए।

स्वतंत्रता दिवस पर हुए इस लोकार्पण के साथ फुलवरिया बाईपास चौराहा अब राष्ट्रप्रेम, बालिका शिक्षा और महिला सशक्तिकरण का संदेश देने वाले प्रेरणादायी स्थल के रूप में नजर आया।

कार्यक्रम में संबंधित अधिकारी-कर्मचारी एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Previous Post Next Post