स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहाँपुर, 27 अगस्त। आगामी रक्षाबंधन पर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए शाहजहाँपुर पुलिस द्वारा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लगातार सतर्कता बरती जा रही है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक शाहजहाँपुर के निर्देशन में क्षेत्राधिकारी नगर ने थाना कोतवाली पुलिस बल के साथ क्षेत्र में पैदल गश्त एवं चेकिंग अभियान चलाया।
गश्त के दौरान बाजारों, प्रमुख मार्गों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ एवं वाहनों की चेकिंग की गई। क्षेत्राधिकारी नगर ने व्यापारियों एवं स्थानीय नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याओं तथा सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी भी ली।
उन्होंने पुलिसकर्मियों को रक्षाबंधन पर्व के दृष्टिगत विशेष सतर्कता बरतने, संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर प्रभावी निगरानी रखने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
शाहजहाँपुर पुलिस द्वारा रक्षाबंधन पर्व के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पैदल गश्त, वाहन चेकिंग एवं आमजन से संवाद लगातार किया जा रहा है। पुलिस ने आमजन से भी शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।
