‘ब्रिटिश एंड अमेरिकन ड्रामा’ पुस्तक का हुआ लोकार्पण, विद्यार्थियों के लिए उपयोगी होगी पुस्तक

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहांपुर। स्वामी शुकदेवानंद विश्वविद्यालय के अंग्रेजी विभाग की ओर से बीए तृतीय सेमेस्टर के विद्यार्थियों के लिए उपयोगी पुस्तक ‘ब्रिटिश एंड अमेरिकन ड्रामा’ का लोकार्पण समारोह आयोजित किया गया।

पुस्तक का लेखन विश्वविद्यालय के अंग्रेजी विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. अरुण कुमार यादव एवं साहू रामस्वरूप महिला महाविद्यालय, बरेली के अंग्रेजी विभाग की विभागाध्यक्षा डॉ. बीना यादव ने किया है। पुस्तक में ब्रिटिश एवं अमेरिकी नाटक की प्रमुख विधाओं, महत्वपूर्ण नाटकों, साहित्यिक पारिभाषिक शब्दावली तथा आलोचनात्मक परिप्रेक्ष्य को व्यवस्थित रूप से प्रस्तुत किया गया है। इसे विद्यार्थियों की अकादमिक आवश्यकताओं एवं पाठ्यक्रम को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।

समारोह में विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. पुष्पेंद्र बहादुर सिंह ने दोनों लेखकों को बधाई देते हुए कहा कि यह पुस्तक विद्यार्थियों के लिए उपयोगी अकादमिक सामग्री साबित होगी। उन्होंने कहा कि इसके माध्यम से विद्यार्थियों को ब्रिटिश एवं अमेरिकी नाटक के विविध पक्षों को समझने और पाठ्यक्रम की बेहतर तैयारी करने में सहायता मिलेगी।

इस अवसर पर प्रो. अनुराग अग्रवाल ने पुस्तक के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ब्रिटिश एवं अमेरिकी नाटक अंग्रेजी साहित्य की समृद्ध परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। पुस्तक में विषय को व्यवस्थित ढंग से प्रस्तुत किया गया है, जिससे विद्यार्थियों को विषय की गहरी समझ विकसित करने में मदद मिलेगी।

पुस्तक का पुस्तक-प्रस्तुतीकरण डॉ. अरुण कुमार यादव ने किया। उन्होंने पुस्तक की विषय-वस्तु एवं उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए बताया कि इसे विद्यार्थियों की आवश्यकताओं और पाठ्यक्रम को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।

कार्यक्रम में प्रो. मधुकर श्याम शुक्ला, प्रो. आदित्य कुमार सिंह, अंग्रेजी विभागाध्यक्ष प्रो. शालीन कुमार सिंह, नीलू कुमार, डॉ. प्रतिभा सक्सेना, डॉ. पद्मजा, डॉ. प्रतिभा द्विवेदी एवं पवन कुमार सहित अन्य शिक्षक मौजूद रहे। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भी कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

Previous Post Next Post