स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहांपुर, 27 अगस्त। अपराध की रोकथाम एवं वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना तिलहर पुलिस ने हत्या के मामले में वांछित दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त दो लाठी-डंडे भी बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 13 अगस्त 2026 को ग्राम सहवेगपुर निवासी सोनपाल पुत्र केदार ने थाना तिलहर में तहरीर दी थी। आरोप था कि अभियुक्तों ने एक राय होकर उनके भाई सुरेंद्र पुत्र केदार के साथ गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देते हुए लाठी-डंडों व बांके से मारपीट की, जिससे उनकी हत्या हो गई।
मामले में मु0अ0सं0 430/26, धारा 191(2)/191(3)/352/351(3)/103(1)/3(5) बीएनएस के तहत आठ नामजद अभियुक्तों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस के मुताबिक, इस मामले में गोविंद पुत्र मेहरबान, वासुदेव पुत्र राजकुमार एवं सुखदेव पुत्र हरिश्चन्द्र को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
शेष वांछित अभियुक्तों की तलाश के दौरान मुखबिर की सूचना पर अमित पुत्र रामऔतार, उम्र करीब 22 वर्ष और दिलीप कुमार पुत्र रामऔतार, उम्र करीब 20 वर्ष, दोनों निवासी ग्राम सहवेगपुर, थाना तिलहर, को 26 अगस्त 2026 को गर्रा पुल के पास शाम 7:45 बजे गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्तों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त दो लाठी-डंडे बरामद किए गए। दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
👮 गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम
प्रभारी निरीक्षक प्रभाष चन्द्र, उपनिरीक्षक सौरभ शुक्ला, कांस्टेबल दीपेन्द्र कुमार, रिजर्व आर्म्ड कांस्टेबल तरुण कुमार एवं रिजर्व आर्म्ड कांस्टेबल अक्षय पंवार शामिल रहे।
