डीएम की अध्यक्षता में तहसील उतरौला में संपूर्ण समाधान दिवस सम्पन्न, शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण के निर्देश

 


ब्यूरो चीफ प्रमोद मिश्रा बलरामपुर ✍️

बलरामपुर। आमजन की समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी निस्तारण के उद्देश्य से तहसील उतरौला में जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस शासन की महत्वपूर्ण जनसुनवाई व्यवस्था है, जिसका उद्देश्य नागरिकों की समस्याओं का स्थायी एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत का निस्तारण पूरी पारदर्शिता, संवेदनशीलता एवं निर्धारित समयसीमा के भीतर किया जाए। जिन मामलों में स्थलीय जांच आवश्यक हो, वहां संबंधित अधिकारी स्वयं मौके पर जाकर तथ्यात्मक जांच कर कार्रवाई सुनिश्चित करें।

उन्होंने विशेष रूप से भूमि विवाद, राजस्व, पुलिस, विद्युत, पेयजल, पेंशन एवं अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़ी शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर जोर देते हुए कहा कि लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इस अवसर पर विभिन्न स्वरोजगार एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र एवं वित्तीय सहायता भी वितरित की गई। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी अभियान के अंतर्गत लाभार्थी प्रकाश पांडे को ₹3 लाख तथा राजेश वर्मा को ₹2.20 लाख का चेक प्रदान किया गया। वहीं मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के तहत कंचन कौशल को ₹9.50 लाख तथा प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना के अंतर्गत जतिन गुप्ता को ₹1.71 लाख की वित्तीय सहायता का चेक सौंपा गया।

कृषि क्षेत्र को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से जिलाधिकारी ने किसानों को मिनी किट भी वितरित किए तथा उन्नत एवं वैज्ञानिक खेती अपनाने के साथ-साथ शासन की कृषि एवं किसान कल्याण योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।

बैठक में प्राप्त शिकायतों की विभागवार समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सभी लंबित प्रकरणों के शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि समाधान दिवस में प्राप्त प्रत्येक शिकायत की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी।

इस अवसर पर उपजिलाधिकारी उतरौला, क्षेत्राधिकारी, तहसीलदार, खंड विकास अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Previous Post Next Post