स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहाँपुर। आगामी बारावफात पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सकुशल सम्पन्न कराने के उद्देश्य से 20 अगस्त 2026 को रिजर्व पुलिस लाइन शाहजहाँपुर के सभाकक्ष में पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में धर्मगुरुओं एवं सम्भ्रान्त नागरिकों के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक में सिटी मजिस्ट्रेट शाहजहाँपुर, अपर पुलिस अधीक्षक नगर, क्षेत्राधिकारी नगर तथा नगर सर्किल के सभी थाना प्रभारी मौजूद रहे। पुलिस अधीक्षक ने धर्मगुरुओं एवं सम्भ्रान्त नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं सुझावों को सुना।
पुलिस अधीक्षक ने सभी से आपसी भाईचारा, सौहार्द एवं शांति बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना पर विश्वास न करने की अपील की।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर दिए निर्देश
नगर सर्किल के सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में बारावफात के दृष्टिगत पर्याप्त सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था के इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जुलूस एवं कार्यक्रमों के निर्धारित मार्गों का पूर्व निरीक्षण कर आवश्यक पुलिस बल की तैनाती तथा संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया।
इसके साथ ही यातायात व्यवस्था सुचारू रखने, जुलूस के दौरान यातायात प्रभावित न होने देने तथा धार्मिक स्थलों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर प्रभावी पुलिस व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ने असामाजिक एवं अराजक तत्वों पर सतर्क दृष्टि रखने के साथ ही सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली भ्रामक एवं आपत्तिजनक सूचनाओं की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए। किसी भी अफवाह या भ्रामक सूचना का तत्काल खंडन करने के लिए भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि बारावफात का पर्व आपसी प्रेम, भाईचारे एवं सौहार्द का संदेश देता है। जनपद में सभी धर्मों एवं समुदायों के लोग आपसी सद्भाव के साथ त्योहार मनाएं। पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
बैठक के अंत में उपस्थित धर्मगुरुओं एवं सम्भ्रान्त नागरिकों ने जनपद में शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने में पुलिस-प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।
