स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहाँपुर। आगामी शिव बारात जुलूस को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सकुशल सम्पन्न कराने के उद्देश्य से 20 अगस्त 2026 को रिजर्व पुलिस लाइन शाहजहाँपुर के सभाकक्ष में पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में धर्मगुरुओं, जुलूस आयोजकों एवं सम्भ्रान्त नागरिकों के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक में सिटी मजिस्ट्रेट, अपर पुलिस अधीक्षक नगर, क्षेत्राधिकारी नगर तथा नगर सर्किल के सभी थाना प्रभारी मौजूद रहे। पुलिस अधीक्षक ने आयोजकों एवं धर्मगुरुओं से जुलूस के निर्धारित मार्ग, समय, यातायात व्यवस्था और अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा उनके सुझाव एवं समस्याएं सुनीं।
पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों को जुलूस मार्ग का पहले से स्थलीय निरीक्षण करने और मार्ग में आने वाली समस्याओं का समय रहते समाधान कराने के निर्देश दिए। महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, बैरिकेडिंग, भीड़ नियंत्रण और कानून-व्यवस्था के लिए विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया।
यातायात व्यवस्था पर विशेष जोर
जुलूस के दौरान आमजन को अनावश्यक परेशानी से बचाने के लिए प्रभावी यातायात प्रबंधन एवं आवश्यकता के अनुसार डायवर्जन व्यवस्था लागू करने के निर्देश दिए गए। जुलूस मार्ग पर अनावश्यक वाहन पार्किंग रोकने तथा एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड और अन्य आवश्यक सेवाओं के लिए वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध रखने पर जोर दिया गया।
पुलिस प्रशासन ने धर्मगुरुओं, आयोजकों एवं सम्भ्रान्त नागरिकों से आपसी भाईचारा और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की। निर्धारित मार्ग एवं समय का पालन करने तथा किसी भी विवादित, आपत्तिजनक या भड़काऊ नारे, पोस्टर, बैनर अथवा गतिविधि से बचने को कहा गया।
सोशल मीडिया पर भी रहेगी निगरानी
पुलिस अधीक्षक ने सोशल मीडिया पर सतर्क निगरानी रखने के निर्देश दिए। किसी भी अफवाह, भ्रामक सूचना या आपत्तिजनक पोस्ट को प्रसारित न करने तथा ऐसी सामग्री की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई।
असामाजिक एवं अराजक तत्वों पर कड़ी नजर रखते हुए कानून-व्यवस्था प्रभावित करने का प्रयास करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जनपद में सभी धार्मिक आयोजनों को प्रेम, भाईचारे और सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराना पुलिस-प्रशासन की प्राथमिकता है। बैठक के अंत में धर्मगुरुओं, आयोजकों एवं सम्भ्रान्त नागरिकों ने शिव बारात जुलूस को शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने में पुलिस-प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।
