कांवड़ यात्रा मार्ग का पुलिस अधीक्षक ने किया स्थलीय निरीक्षण, पुलिसकर्मियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहाँपुर। श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा के दृष्टिगत पुलिस अधीक्षक शाहजहाँपुर द्वारा शनिवार को जनपद के कांवड़ यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया गया। इस दौरान कांवड़ियों की सुरक्षित एवं सुगम यात्रा, सुरक्षा व्यवस्था तथा यातायात व्यवस्था का जायजा लिया गया। साथ ही मार्ग पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से उनकी ड्यूटी के संबंध में जानकारी ली गई।

पुलिस अधीक्षक ने कांवड़ यात्रा मार्ग पर तैनात पुलिस बल को निर्देशित किया कि सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपने-अपने निर्धारित ड्यूटी प्वाइंट पर पूरी सजगता, सतर्कता एवं संवेदनशीलता के साथ ड्यूटी करें। कांवड़ियों की सुरक्षा एवं सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए लगातार भ्रमणशील रहकर प्रभावी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।

यातायात व्यवस्था पर विशेष जोर

पुलिस अधीक्षक ने यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने तथा कांवड़ यात्रा मार्ग पर अनावश्यक जाम की स्थिति उत्पन्न न होने देने के निर्देश दिए। निर्धारित यातायात डायवर्जन एवं अन्य व्यवस्थाओं का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित कराने को कहा गया।

मार्ग के भीड़भाड़ वाले स्थानों, प्रमुख चौराहों एवं संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने तथा आवश्यकता पड़ने पर पुलिस बल द्वारा तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि किसी भी आकस्मिक परिस्थिति, विवाद अथवा कानून-व्यवस्था से संबंधित सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें। साथ ही कांवड़ियों एवं आमजन के साथ विनम्र और सहयोगात्मक व्यवहार रखते हुए यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए पूरी निष्ठा से दायित्व निभाएं।

शाहजहाँपुर पुलिस द्वारा कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा, यातायात एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक पुलिस प्रबंध किए गए हैं। कांवड़ियों एवं आमजन की सुरक्षा और सुविधा के लिए पुलिस बल लगातार मुस्तैद है।

Previous Post Next Post