ब्यूरो रिपोर्ट आनंद कुमार लखनऊ ✍️
लखनऊ। हरदोई रोड स्थित अंधे की चौकी के पास सड़क पर अचानक आए आवारा मवेशी से टकराकर बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बाइक सवार सड़क से गुजर रहा था, तभी अचानक एक गाय सड़क के बीच में आ गई। बाइक सवार ने बचने का प्रयास किया, लेकिन वाहन अनियंत्रित होकर मवेशी से टकरा गया। टक्कर के बाद बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे में बाइक सवार के सिर समेत शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घायल की मदद की और पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी।
घायल को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
⚠️ आवारा मवेशियों से बढ़ रहा हादसों का खतरा
हरदोई रोड पर सड़क पर घूमते आवारा मवेशी वाहन चालकों के लिए लगातार खतरा बने हुए हैं। स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से सड़क पर घूम रहे आवारा मवेशियों की समस्या के समाधान और हादसों की रोकथाम के लिए प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।
