डीएम ने ग्राम पंचायत बलुआ बलुई का किया स्थलीय भ्रमण, विकास कार्यों की जमीनी हकीकत परखी

 

ब्यूरो चीफ प्रमोद मिश्रा बलरामपुर ✍️

पंचायत निधि से नए कार्य शुरू न होने पर सचिव को फटकार, योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के दिए निर्देश

बलरामपुर। जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने विकासखंड बलरामपुर की ग्राम पंचायत बलुआ बलुई का स्थलीय भ्रमण कर विकास कार्यों, मूलभूत सुविधाओं और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की जमीनी स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर सरकारी योजनाओं और सुविधाओं का फीडबैक भी लिया।

डीएम ने गांव में संपर्क मार्गों और जलनिकासी व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को ग्रामीणों के सुगम आवागमन के साथ जलनिकासी की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि जलभराव की समस्या न हो।

पंचायत सचिवालय को प्रभावी सुविधा केंद्र बनाने के निर्देश

जिलाधिकारी ने ग्राम पंचायत सचिवालय का निरीक्षण कर ग्रामीणों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने जाति, निवास, जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र सहित अन्य आवश्यक प्रमाण पत्रों से संबंधित सुविधाएं ग्राम स्तर पर ही सुगमता से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि पंचायत सचिवालय को प्रभावी सुविधा केंद्र के रूप में विकसित किया जाए, जिससे ग्रामीणों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए ब्लॉक या जिला मुख्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें।

आरआरसी सेंटर और कूड़ा प्रबंधन की भी समीक्षा

डीएम ने ग्राम पंचायत में स्थापित आरआरसी सेंटर (रिसोर्स रिकवरी सेंटर) की क्रियाशीलता का जायजा लिया तथा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने ई-रिक्शा के माध्यम से संचालित डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन को नियमित और प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने प्रत्येक घर से नियमित कूड़ा संग्रह सुनिश्चित कराने तथा निर्धारित ₹30 प्रति परिवार प्रतिमाह उपयोगकर्ता शुल्क की व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने को कहा।

आयुष्मान आरोग्य मंदिर का किया निरीक्षण

भ्रमण के दौरान जिलाधिकारी ने ग्राम पंचायत स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर का भी निरीक्षण किया। उन्होंने ग्रामीणों को उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली और संबंधित कार्मिकों को शासन की मंशा के अनुरूप बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

पंचायत निधि से नए कार्य शुरू न होने पर सचिव को फटकार

विकास कार्यों की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने पाया कि पंचायत निधि से नए विकास कार्य प्रारंभ नहीं किए गए हैं। इस पर उन्होंने पंचायत सचिव अजय यादव को कड़ी फटकार लगाई।

डीएम ने निर्देश दिए कि ग्राम पंचायत की आवश्यकताओं और ग्रामीणों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए विकास कार्य शीघ्र शुरू कराए जाएं। उपलब्ध पंचायत निधि का नियमानुसार सदुपयोग करते हुए गुणवत्तापूर्ण एवं स्थायी विकास कार्य सुनिश्चित किए जाएं।

जिलाधिकारी ने कहा कि ग्राम पंचायत स्तर पर शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन, स्वच्छता, बेहतर संपर्क मार्ग, जलनिकासी, स्वास्थ्य सुविधाएं और पंचायत सचिवालय के माध्यम से आवश्यक सेवाओं की सहज उपलब्धता सुनिश्चित करना प्राथमिकता है। विकास कार्यों में किसी भी स्तर पर शिथिलता न बरती जाए तथा सभी कार्य गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ पूर्ण किए जाएं।

इस दौरान जिला विकास अधिकारी कमलेश सोनी, खंड विकास अधिकारी बलरामपुर संजय कुमार सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Previous Post Next Post