वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों की समस्याओं के समाधान को पुलिस ने चलाया जनजागरूकता अभियान

 

ब्यूरो चीफ प्रमोद मिश्रा बलरामपुर ✍️

बलरामपुर। पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय के पर्यवेक्षण में जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में कम्यूनिटी पुलिसिंग यूनिट (CPU) के माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों एवं आमजन से संवाद कर उनकी समस्याओं के समाधान का अभियान चलाया गया।

31 अगस्त 2026 को पुलिस टीमों ने थाना क्षेत्रों में वरिष्ठ नागरिकों एवं दिव्यांगजनों से संपर्क कर उनका कुशलक्षेम जाना तथा उनकी समस्याओं एवं सुझावों को गंभीरता से सुना। प्राप्त समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के लिए आवश्यक कार्रवाई की गई।

अभियान के तहत थाना क्षेत्रों में दिव्यांगजनों को चिन्हित कर उनकी आवश्यकताओं की जानकारी ली जा रही है। जरूरत के अनुसार संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर उन्हें शासन की योजनाओं एवं आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। की गई कार्रवाई का विवरण दिव्यांग रजिस्टर में दर्ज कर नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है।

इसके साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर साइबर अपराध, महिला सुरक्षा, मिशन शक्ति, सड़क सुरक्षा एवं नशा मुक्ति को लेकर भी लोगों को जागरूक किया गया। आमजन को ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल और ओटीपी के प्रति सतर्क रहने तथा बैंक खाते एवं एटीएम से जुड़ी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करने की सलाह दी गई।

कम्यूनिटी पुलिसिंग यूनिट द्वारा बेसहारा व्यक्तियों एवं बच्चों की सहायता, विद्यालयों, वृद्धाश्रमों, अनाथालयों एवं सार्वजनिक स्थलों का भ्रमण, स्वच्छता अभियान तथा विभिन्न जनकल्याणकारी गतिविधियों में सहभागिता के माध्यम से पुलिस और जनता के बीच विश्वास मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है।

बलरामपुर पुलिस ने आमजन से कम्यूनिटी पुलिसिंग कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता करने तथा अपने क्षेत्र की समस्याओं एवं सुझावों से पुलिस को अवगत कराने की अपील की है, ताकि सुरक्षित, जागरूक एवं सौहार्दपूर्ण समाज के निर्माण में सभी की भागीदारी सुनिश्चित हो सके।

Previous Post Next Post