स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️
मिर्जापुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने कांवड़ियों की सेवा के साथ सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था का लिया जायजा
शाहजहाँपुर, 23 अगस्त 2026। श्रवण मास कांवड़ यात्रा के दृष्टिगत पुलिस अधीक्षक शाहजहाँपुर के निर्देशन में क्षेत्राधिकारी परशुरामपुरी ने थानाध्यक्ष मिर्जापुर एवं पुलिस बल के साथ थाना क्षेत्र से होकर गुजर रहे कांवड़ श्रद्धालुओं का पुष्पवर्षा कर स्वागत एवं अभिनंदन किया।
पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने कांवड़ लेकर गुजर रहे श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस दौरान श्रद्धालुओं की सेवा एवं सुविधा के लिए उन्हें केला, पेठा, हलुआ एवं पानी की बोतल वितरित की गई।
पुलिस अधिकारियों ने श्रद्धालुओं से आत्मीय संवाद कर उनकी कुशलक्षेम जानी तथा किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की।
क्षेत्राधिकारी परशुरामपुरी ने पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा को विशेष प्राथमिकता दी जाए। कांवड़ मार्ग पर यातायात व्यवस्था सुचारु रखने तथा श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने के निर्देश दिए गए।
साथ ही कांवड़ यात्रा मार्ग पर लगातार भ्रमण एवं निगरानी रखते हुए शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
शाहजहाँपुर पुलिस द्वारा श्रवण मास कांवड़ यात्रा को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित संपन्न कराने के साथ श्रद्धालुओं की सेवा, सुरक्षा एवं सुविधा के लिए व्यापक पुलिस प्रबंध किए गए हैं। पुलिस द्वारा श्रद्धालुओं के प्रति सेवा, सहयोग एवं सद्भाव की भावना के साथ लगातार कार्य किया जा रहा है।
