जिला संवाददाता कल्लू उर्फ रजनीश लखनऊ ✍️
लखनऊ। राजधानी के गोमतीनगर इलाके में गुरुवार दोपहर एक दिल दहला देने वाली वारदात से सनसनी फैल गई। ICICI बैंक की रिलेशनशिप मैनेजर दिव्या मिश्रा की बैंक के बाहर उनके पति मानस वाजपेयी ने गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी अपने घर पहुंचा, जहां उसने अपनी बहन को भी गोली मार दी और बाद में खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना में तीन लोगों की मौत की खबर है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, दिव्या मिश्रा गोमतीनगर के विवेकखंड स्थित ICICI बैंक में रिलेशनशिप मैनेजर के पद पर कार्यरत थीं। गुरुवार दोपहर उनके पति मानस ने उन्हें फोन कर बैंक के बाहर बुलाया। दोनों के बीच कुछ देर बातचीत हुई, जिसके बाद मानस ने दिव्या पर गोली चला दी। गंभीर रूप से घायल दिव्या को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पत्नी की हत्या के बाद घर पहुंचा पति
पुलिस और मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, पत्नी पर हमला करने के बाद मानस वहां से निकल गया और हुसड़िया स्थित अपने आवास पहुंचा। वहां उसने अपनी बहन को गोली मार दी और फिर खुद को भी गोली मार ली। पुलिस ने घटनास्थल से हथियार और अन्य साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है।
पति-पत्नी के बीच चल रहा था विवाद
प्रारंभिक जानकारी में पति-पत्नी के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद की बात सामने आ रही है। कुछ रिपोर्टों के मुताबिक मामला अदालत तक भी पहुंचा था। हालांकि, घटना की वास्तविक वजह की पुष्टि पुलिस की विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगी।
दिव्या मिश्रा को पत्रकार/यूट्यूबर प्रज्ञा मिश्रा की बहन भी बताया जा रहा है। प्रज्ञा मिश्रा ने सोशल मीडिया पर अपनी बहन की मौत की जानकारी साझा की है।
घटना के बाद पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस वारदात से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।
