जिला संवाददाता कल्लू उर्फ रजनीश लखनऊ ✍️
लखनऊ, 11 अगस्त। थाना मोहनलालगंज पुलिस ने 16 वर्षीय नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर ले जाने के मामले में आरोपी युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने किशोरी को भी सकुशल बरामद कर लिया है। आरोपी को आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, मोहनलालगंज थाना क्षेत्र निवासी महिला ने सूचना दी थी कि 26 जुलाई 2026 की रात उसकी 16 वर्षीय बेटी आभूषण और नकदी लेकर घर से चली गई। जानकारी करने पर पता चला कि सनी पुत्र स्वर्गीय अशोक कुमार भी अपने घर पर मौजूद नहीं था।
मामले में वादिनी ने अपनी नाबालिग पुत्री को बहला-फुसलाकर ले जाने तथा विपक्षी पक्ष द्वारा जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए थाना मोहनलालगंज में तहरीर दी। तहरीर के आधार पर मु0अ0सं0 278/2026, धारा 87/137(2)/351(3) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
दो पुलिस टीमों ने की तलाश
घटना के अनावरण और किशोरी की सकुशल बरामदगी के लिए पुलिस उपायुक्त दक्षिणी के निर्देश पर दो पुलिस टीमों का गठन किया गया। टीमों ने तकनीकी एवं मैनुअल साक्ष्यों तथा स्थानीय सूचना तंत्र की मदद से आरोपी की तलाश शुरू की।
पुलिस के मुताबिक, 11 अगस्त 2026 को आरोपी सनी को गिरफ्तार कर लिया गया और किशोरी को भी सकुशल बरामद कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने बताई अपनी बात
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह और किशोरी एक-दूसरे को कई वर्षों से जानते हैं। आरोपी के मुताबिक, वह किशोरी को अपने साथ लेकर नादरगंज, लखनऊ चला गया था। बाद में मुकदमा दर्ज होने की जानकारी मिलने पर वह किशोरी को उसके घर छोड़ने के लिए वापस आया था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
गिरफ्तार अभियुक्त
सनी पुत्र स्वर्गीय अशोक कुमार, उम्र करीब 20 वर्ष, निवासी ग्राम फत्तेखेड़ा मजरा कनकहा, थाना मोहनलालगंज, लखनऊ।
पंजीकृत अभियोग
मु0अ0सं0 278/2026, धारा 87/137(2)/351(3) बीएनएस, थाना मोहनलालगंज, लखनऊ।
गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम
थाना मोहनलालगंज पुलिस टीम, कमिश्नरेट लखनऊ द्वारा कार्रवाई की गई।
