स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहाँपुर। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर स्वामी शुकदेवानंद विश्वविद्यालय में कुलपति प्रोफेसर पुष्पेंद्र बहादुर सिंह ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी। कार्यक्रम की शुरुआत लेफ्टिनेंट डॉ. आलोक कुमार सिंह के निर्देशन में एनसीसी कैडेट्स द्वारा कुलपति को गार्ड ऑफ ऑनर एवं मार्च पास्ट से हुई।
अपने संबोधन में कुलपति प्रो. पुष्पेंद्र बहादुर सिंह ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष से प्राप्त आजादी हमारे लिए अमूल्य उपहार है। इसके प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए सभी को राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता को बनाए रखने का संकल्प लेना चाहिए।
उन्होंने कहा कि जिस शिक्षण संस्थान ने दशकों तक ज्ञान, संस्कार एवं शिक्षा की ज्योति प्रज्ज्वलित की, वह आज विश्वविद्यालय के रूप में अपने विकास का नया अध्याय लिख रहा है। अब सभी की जिम्मेदारी है कि विश्वविद्यालय को लोकल से ग्लोबल स्तर तक पहचान दिलाने के लिए पूर्ण समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। इस दौरान कुलपति ने विश्वविद्यालय की स्थापना से अब तक की प्रगति की संक्षिप्त रिपोर्ट भी प्रस्तुत की।
पूर्व केंद्रीय गृह राज्य मंत्री एवं मुमुक्षु शिक्षा संकुल के मुख्य अधिष्ठाता स्वामी चिन्मयानंद सरस्वती ने आशीर्वचन देते हुए कहा कि आजादी की जिम्मेदारी को समझने के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य एवं आर्थिक स्वावलंबन आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि शैक्षिक परिसर से विश्वविद्यालय तक की यात्रा आत्मविश्वास और संकल्प की शक्ति का परिणाम है। विश्वविद्यालय के सतत विकास के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग का सहयोग आवश्यक है।
कार्यक्रम में प्रोफेसर आदित्य कुमार सिंह ने संविधान की प्रस्तावना का वाचन किया, जबकि डॉ. कविता भटनागर के निर्देशन में राष्ट्रगान प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम का संचालन वाणिज्य संकाय के वरिष्ठ प्रोफेसर डॉ. अनुराग अग्रवाल ने किया। समारोह का समापन राष्ट्रगीत के साथ हुआ।
इस अवसर पर कुलसचिव श्री वीरेंद्र कुमार मौर्य, प्रो. आर.के. आजाद, प्रो. आलोक मिश्र, प्रो. देवेंद्र सिंह, प्रो. प्रभात शुक्ला, प्रो. अजीत सिंह चारग, प्रो. कमलेश गौतम, डॉ. जयशंकर ओझा, डॉ. अमीर सिंह यादव, डॉ. मनोज अग्रवाल, चंद्रभान त्रिपाठी, कमलेश त्रिवेदी सहित विश्वविद्यालय के शिक्षक, शिक्षणेत्तर कर्मचारी, एनसीसी कैडेट्स, एनएसएस स्वयंसेवक एवं विद्यार्थी मौजूद रहे।
