ब्यूरो चीफ प्रमोद मिश्रा बलरामपुर ✍️
हॉकी में नेशनल स्पोर्ट्स सोसाइटी बनी विजेता, ताइक्वांडो-जूडो में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
बलरामपुर। हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय खेल दिवस के तहत जिला खेल कार्यालय एवं स्पोर्ट्स स्टेडियम बलरामपुर में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं एवं कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विधायक बलरामपुर सदर पल्टूराम मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया।
विधायक पल्टूराम ने कहा कि खेल युवाओं के शारीरिक एवं मानसिक विकास के साथ अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से नियमित अभ्यास एवं पूरी लगन के साथ आगे बढ़कर जनपद, प्रदेश और देश का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
हॉकी में नेशनल स्पोर्ट्स सोसाइटी ने जीती ट्रॉफी
राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर अंडर-14 बालक वर्ग हॉकी प्रतियोगिता आयोजित की गई। फाइनल मुकाबला खेलो इंडिया सेंटर, बलरामपुर और नेशनल स्पोर्ट्स सोसाइटी, बलरामपुर के बीच हुआ। रोमांचक मुकाबले में नेशनल स्पोर्ट्स सोसाइटी ने खेलो इंडिया सेंटर को 2-0 से हराकर विजेता ट्रॉफी अपने नाम की।
विधायक पल्टूराम ने प्रतियोगिता का समापन करते हुए विजेता एवं प्रतिभागी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
ताइक्वांडो और जूडो में भी खिलाड़ियों ने दिखाया हुनर
ताइक्वांडो के बालक वर्ग के 59 किलोग्राम भार वर्ग के फाइनल में अभय मिश्रा ने मनीष कुमार को हराकर जीत दर्ज की। बालिका वर्ग के 55 किलोग्राम भार वर्ग में साक्षी सिद्धार्थ ने सानिया खान को पराजित किया।
जूडो के बालिका वर्ग के 52 किलोग्राम भार वर्ग में नैंसी उपाध्याय ने रिया उपाध्याय को हराया, जबकि बालक वर्ग के 55 किलोग्राम भार वर्ग में यशराज जायसवाल ने अंकित यादव को पराजित कर जीत हासिल की।
60 बच्चों ने साइकिलिंग में लिया हिस्सा
खेलो इंडिया के अंतर्गत सुबह 7 बजे ‘फिट इंडिया साइकिलिंग ऑन संडे’ कार्यक्रम भी आयोजित किया गया, जिसमें करीब 60 बालक-बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। इसके माध्यम से बच्चों एवं युवाओं को नियमित शारीरिक गतिविधियों को दिनचर्या का हिस्सा बनाने तथा स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।
चैंपियन फुटबॉल टीम के खिलाड़ियों का सम्मान
जिला युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित फुटबॉल प्रतियोगिता में जनपद बलरामपुर के 10 खिलाड़ियों ने गोरखपुर जोन में जनपद का प्रतिनिधित्व किया और टीम के चैंपियन बनने पर उनका विशेष उत्साहवर्धन किया गया।
गोरखपुर जोन की टीम में शामिल सरज गौतम, फैजान अंसारी, पवन यादव, आयुष श्रीवास्तव, मो. जीशान अंसारी, उत्कर्ष सैनी, अनादि सिंह, एकलव्य पाण्डेय, तुषार मिश्रा एवं सत्यम यादव को शिव शक्ति इंटरप्राइजेज, बागपत की ओर से फुटबॉल शूज एवं मोजे प्रदान कर सम्मानित किया गया।
विधायक पल्टूराम ने कहा कि जनपद में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है। खिलाड़ियों को उचित मंच, नियमित अभ्यास और प्रोत्साहन मिलता रहे तो वे आगे चलकर बड़ी उपलब्धियां हासिल कर सकते हैं।
इस अवसर पर उपक्रीड़ाधिकारी श्रीमती अनुपमा धानुक, हॉकी संघ बलरामपुर की सचिव सुश्री रश्मि सिंह, नागेन्द्र कुमार गिरि, विजय शंकर पाण्डेय, अभय सिंह, हिना खातून, फरोग अलवी, पवन कुमार सहित स्पोर्ट्स स्टेडियम का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।
जिला क्रीड़ाधिकारी अभिषेक कुमार ने बताया कि राष्ट्रीय खेल दिवस पर आयोजित प्रतियोगिताओं का उद्देश्य जनपद की खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना, उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध कराना तथा बच्चों एवं युवाओं में खेल एवं फिटनेस के प्रति रुचि को बढ़ावा देना है।
