निवर्तमान एसपी विकास कुमार को दी गई भावभीनी विदाई, झांसी के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पद पर हुआ स्थानांतरण

 

ब्यूरो चीफ प्रमोद मिश्रा बलरामपुर ✍️

पुलिस कार्यालय में आयोजित विदाई समारोह में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पुष्पगुच्छ, शॉल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर दी शुभकामनाएं

बलरामपुर। पुलिस कार्यालय बलरामपुर में 30 अगस्त 2026 को निवर्तमान पुलिस अधीक्षक विकास कुमार के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, जनपद झांसी के पद पर स्थानांतरण के अवसर पर भव्य विदाई समारोह आयोजित किया गया। पुलिस अधीक्षक बलरामपुर मार्तण्ड प्रकाश सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय सहित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उन्हें भावभीनी विदाई दी।

समारोह के दौरान पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह ने निवर्तमान एसपी विकास कुमार को नवीन दायित्व, उज्ज्वल भविष्य एवं उत्तम स्वास्थ्य के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि विकास कुमार के कार्यकाल में जनपद में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने के साथ अपराध एवं अपराधियों पर अंकुश, महिला सुरक्षा एवं मिशन शक्ति, जनसुनवाई, यातायात व्यवस्था तथा नशा एवं साइबर अपराध के विरुद्ध प्रभावी अभियान चलाए गए। जनता से सीधे संवाद के कारण पुलिस के प्रति आमजन का विश्वास भी मजबूत हुआ।

अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय ने कहा कि निवर्तमान पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में अपराध नियंत्रण एवं कानून-व्यवस्था के क्षेत्र में बेहतर समन्वय देखने को मिला। उनका अनुशासित, ऊर्जावान एवं न्यायप्रिय नेतृत्व पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए प्रेरणादायी रहा।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक, अपर पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारीगण द्वारा निवर्तमान एसपी को शॉल, स्मृति चिन्ह एवं पुष्पगुच्छ भेंट किया गया। थाना एवं शाखा प्रभारियों तथा पुलिस कर्मियों ने भी उन्हें नवीन दायित्व के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

अपने विदाई संबोधन में निवर्तमान पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने कहा कि बलरामपुर में बिताया गया कार्यकाल उनके हृदय के बेहद करीब रहेगा। यहां की जनता का स्नेह, पुलिस परिवार का सहयोग एवं मीडिया बंधुओं का सकारात्मक समर्थन उन्हें सदैव याद रहेगा। उन्होंने बलरामपुर पुलिस परिवार के कार्यों की सराहना करते हुए सभी से ईमानदारी एवं कर्तव्यनिष्ठा के साथ जनसेवा करते रहने की अपील की।

उन्होंने सभी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बलरामपुर में मिले अनुभव उनके लिए आगे भी मार्गदर्शक रहेंगे।

विदाई समारोह में क्षेत्राधिकारी नगर अभिषेक सिंह, क्षेत्राधिकारी ललिया देवेंद्र कुमार श्रीवास्तव, क्षेत्राधिकारी उतरौला/लाइंस डॉ. जितेंद्र कुमार, क्षेत्राधिकारी तुलसीपुर अभय प्रताप मल्ल, क्षेत्राधिकारी यातायात वीरसेन सिंह, प्रतिसार निरीक्षक, समस्त प्रभारी निरीक्षक/थानाध्यक्ष, यातायात प्रभारी तथा पुलिस कार्यालय की विभिन्न शाखाओं के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Previous Post Next Post