स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️
25 अगस्त से ऑनलाइन आवेदन, 29 अगस्त तक प्रवेश एवं शुल्क जमा करने का मौका
शाहजहांपुर। स्वामी शुकदेवानंद विश्वविद्यालय ने छात्रहित में समर्थ पोर्टल के माध्यम से स्नातक एवं स्नातकोत्तर स्तर के विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया की तिथियां बढ़ा दी हैं। यह अवसर उन विषयों एवं पाठ्यक्रमों के विद्यार्थियों के लिए है, जिनमें अभी सीटें रिक्त हैं।
प्रवेश समन्वयक प्रो. आदित्य कुमार सिंह ने बताया कि समर्थ पोर्टल पर ₹200 प्रति छात्र शुल्क जमा कर पुनः प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 25 अगस्त 2026 से शुरू होगी। ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 26 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है।
आवेदन पत्र में सुधार के बाद संबंधित महाविद्यालय में उसकी हार्ड कॉपी जमा करने की अंतिम तिथि 27 अगस्त 2026 है। वहीं विश्वविद्यालय परिसर एवं संबंधित महाविद्यालयों में प्रवेश सुनिश्चित कर शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 29 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है।
केवल रिक्त सीटों वाले पाठ्यक्रमों में मिलेगा अवसर
विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्रवेश की यह सुविधा केवल उन्हीं विषयों एवं पाठ्यक्रमों के लिए उपलब्ध होगी, जिनमें सीटें रिक्त हैं। छात्रहित को ध्यान में रखते हुए प्रवेश प्रक्रिया का विस्तार किया गया है।
विश्वविद्यालय की ओर से बताया गया कि शासन द्वारा घोषित शैक्षणिक कैलेंडर के अनुसार विषम सेमेस्टर की परीक्षाएं नवंबर के प्रथम सप्ताह से प्रस्तावित हैं। निर्धारित शैक्षणिक मानक पूरे करने के लिए आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त कक्षाओं का संचालन किया जाएगा।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने प्रवेश के इच्छुक विद्यार्थियों से अपील की है कि वे निर्धारित समय-सीमा के भीतर ऑनलाइन आवेदन पूरा कर संबंधित महाविद्यालय में आवश्यक दस्तावेज जमा कर अपना प्रवेश सुनिश्चित कराएं। सुधार विंडो रजिस्ट्रेशन के समानांतर खुली रहेगी।