शाहजहाँपुर पुलिस लाइन में उत्साह और उमंग के साथ मनाई गई हरियाली तीज

पुलिस परिवार की महिलाओं ने लोकगीत, लोक नृत्य, मेहंदी प्रतियोगिता और पारंपरिक खेलों में लिया हिस्सा

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहाँपुर, 12 अगस्त। रिजर्व पुलिस लाइन शाहजहाँपुर में वामा सारथी, उत्तर प्रदेश पुलिस फैमिली वेलफेयर एसोसिएशन के सहयोग से हरियाली तीज पर्व हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में पुलिस परिवार की महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

कार्यक्रम के दौरान तीज के पारंपरिक लोकगीत एवं भजन, लोक नृत्य, मेहंदी प्रतियोगिता तथा तीज से जुड़े पारंपरिक खेलों का आयोजन किया गया। महिलाओं ने लोकगीत एवं भजनों की प्रस्तुति देने के साथ विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

मेहंदी प्रतियोगिता और पारंपरिक खेल बने आकर्षण

मेहंदी प्रतियोगिता एवं पारंपरिक खेलों में महिलाओं ने अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता का प्रदर्शन किया। विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली महिलाओं को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिस परिवार की महिलाओं को भारतीय संस्कृति एवं पारंपरिक पर्वों से जोड़ने के साथ-साथ उनके व्यस्त दायित्वों के बीच मनोरंजन, आपसी संवाद और सौहार्दपूर्ण वातावरण उपलब्ध कराना रहा।

हरियाली तीज कार्यक्रम के दौरान महिलाओं में विशेष उत्साह एवं उमंग देखने को मिली और सभी ने विभिन्न कार्यक्रमों का आनंद लिया।

इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी पुवायां की पत्नी श्रीमती निवेदिता मलिक, क्षेत्राधिकारी नगर की पत्नी श्रीमती निधि तिवारी, उपनिरीक्षक मधु यादव, सहायक उपनिरीक्षक सरिता सहित अन्य पुलिस कर्मचारी एवं पुलिस परिवार की महिलाएं मौजूद रहीं।

कार्यक्रम के माध्यम से पुलिस परिवार में आपसी सौहार्द, सहयोग एवं सकारात्मक वातावरण को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया। शाहजहाँपुर पुलिस द्वारा पुलिस कर्मियों एवं उनके परिवारों के कल्याण के लिए विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक एवं कल्याणकारी गतिविधियों का आयोजन निरंतर किया जा रहा है।

Previous Post Next Post