स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहाँपुर, 03 अगस्त। शहर में नगर निगम द्वारा कराए जा रहे विकास कार्यों की धीमी गति और कथित लापरवाही को लेकर व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने जिलाध्यक्ष कुलदीप सिंह दुआ के नेतृत्व में नगर आयुक्त सुमैया गुरु रानी से मुलाकात कर विरोध दर्ज कराया तथा विभिन्न समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।
जिलाध्यक्ष कुलदीप सिंह दुआ ने कहा कि आगामी त्योहारों को देखते हुए शहर की अधिकांश सड़कें जर्जर स्थिति में हैं। उन्होंने बहादुरगंज पावर हाउस से मशीन मार्केट, गल्ला मंडी, चूड़ी वाली गली सहित कई प्रमुख मार्गों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन सड़कों की तत्काल मरम्मत कराई जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर निगम के ठेकेदार निर्धारित समय में कार्य पूरा नहीं करते, जिससे व्यापारियों और आम नागरिकों को अनावश्यक परेशानी उठानी पड़ती है। उन्होंने कार्यों की समयबद्ध निगरानी और लापरवाही बरतने वाले ठेकेदारों व अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
नगर अध्यक्ष सुनील गुप्ता ने कहा कि शहर के कई नाले अब भी खुले पड़े हैं। उन्होंने अजीजगंज स्थित दुर्गा होटल तथा लक्ष्मी ट्रांसपोर्ट के पास खुले नालों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि कई बार शिकायत के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ है।
युवा जिला अध्यक्ष रोहित अग्रवाल ने एसपी कॉलेज के पास लगे हैंडपंप के कई महीनों से खराब होने तथा सड़क किनारे टेढ़े होकर गिरने की स्थिति में पहुंचे बिजली के पोल को तत्काल ठीक कराने की मांग की।
नगर आयुक्त सुमैया गुरु रानी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि सभी शिकायतों का शीघ्र समाधान कराया जाएगा तथा संबंधित कार्यों का स्वयं निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
इस अवसर पर जिला महामंत्री नाजिम खान, नगर महामंत्री अतुल गुप्ता, शहबाज खान, मोहम्मद रफी, शकील अहमद, जितेंद्र वर्मा, राजीव गुप्ता, राजेंद्र सिंह गोल्डी, रमेश गंभीर, चंद्र प्रकाश गुलाटी, सतनाम चावला, कमाल फहीम, अफसर अली, सोनू सिंह, तस्लीम अली, राकेश वर्मा, मोनू अवस्थी सहित बड़ी संख्या में संगठन के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
