बारावफात को लेकर शाहजहाँपुर में पीस कमेटी की बैठक, अधिकारियों ने दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहाँपुर, 18 अगस्त 2026। आगामी बारावफात पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से शाहजहाँपुर जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में एसडीएम जलालाबाद एवं क्षेत्राधिकारी जलालाबाद द्वारा थाना जलालाबाद में तथा क्षेत्राधिकारी नगर द्वारा थाना कोतवाली एवं थाना सदर बाजार में बैठक की गई। बैठकों में थाना प्रभारी, पुलिस अधिकारी-कर्मचारी, पर्व आयोजक, धर्मगुरु एवं क्षेत्र के संभ्रांत नागरिक मौजूद रहे।

बैठक के दौरान आयोजकों एवं धर्मगुरुओं से बारावफात के अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों एवं जुलूसों की जानकारी ली गई। अधिकारियों ने सभी से पर्व को परंपरागत, शांतिपूर्ण एवं आपसी भाईचारे के साथ मनाने की अपील की।

साथ ही लोगों से किसी भी ऐसी गतिविधि से बचने की अपील की गई, जिससे धार्मिक भावनाएं आहत हों अथवा कानून-व्यवस्था प्रभावित हो। अधिकारियों ने अफवाहों पर ध्यान न देने और सोशल मीडिया पर भ्रामक अथवा आपत्तिजनक पोस्ट प्रसारित न करने की अपील की।

किसी भी संदिग्ध गतिविधि, विवाद अथवा असामाजिक तत्व की जानकारी तत्काल स्थानीय पुलिस को देने के लिए भी जागरूक किया गया।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जनपद में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। पर्व के दौरान माहौल बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। बारावफात को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस द्वारा आवश्यक सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।

बैठक के अंत में धर्मगुरुओं, आयोजकों एवं संभ्रांत नागरिकों ने पुलिस-प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने तथा बारावफात पर्व को शांति, सद्भाव और आपसी भाईचारे के साथ मनाने का आश्वासन दिया।

Previous Post Next Post