शाहजहाँपुर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर 26 जनशिकायतों का किया निस्तारण

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहाँपुर, 18 अगस्त 2026। जनशिकायतों के त्वरित, पारदर्शी एवं निष्पक्ष निस्तारण के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक श्री सौरभ दीक्षित के निर्देशन में शाहजहाँपुर पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

अभियान के तहत 18 अगस्त 2026 को जनपद के विभिन्न थानों से संबंधित कुल 26 शिकायतों का मौके पर जाकर निस्तारण किया गया। क्षेत्राधिकारी एवं थाना प्रभारी शिकायतकर्ताओं के मौके पर पहुंचकर शिकायतों की स्थलीय जांच कर समाधान सुनिश्चित कर रहे हैं।

अभियान के नोडल अधिकारी अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण को नामित किया गया है। प्रत्येक क्षेत्राधिकारी को अपने सर्किल के थाना क्षेत्र में प्रतिदिन कम से कम एक स्थान तथा थाना प्रभारी को अपने क्षेत्र में कम से कम दो स्थानों पर मौके पर जाकर शिकायतों का निस्तारण करने के निर्देश दिए गए हैं।

पुलिस द्वारा शिकायतकर्ता के घर अथवा घटनास्थल पर जाकर स्थलीय निरीक्षण किया जा रहा है। साथ ही दोनों पक्षों का फीडबैक लेकर शिकायत के समाधान के संबंध में संतुष्टि सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है।

इस पहल से शिकायतकर्ताओं को अपनी समस्या के समाधान के लिए बार-बार थाने अथवा पुलिस कार्यालय के चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं होगी। शाहजहाँपुर पुलिस का उद्देश्य जनशिकायतों का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं मौके पर प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है।

Previous Post Next Post